मां गंगा और कोयला बाबा पूजन में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार
ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गायघाट पंचायत के सेमरा गांव में मल्लाह समाज द्वारा आयोजित मां गंगा एवं कोयला बाबा पूजन समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

__ बोले- मां गंगा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की जीवनदायिनी धारा, जलस्रोतों के संरक्षण के लिए सभी लें संकल्प
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गायघाट पंचायत के सेमरा गांव में मल्लाह समाज द्वारा आयोजित मां गंगा एवं कोयला बाबा पूजन समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। समारोह में पहुंचने पर आयोजकों एवं स्थानीय लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया।पूजन समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मां गंगा एवं कोयला बाबा का यह पावन पूजन हमारी सनातन संस्कृति, आस्था, परंपरा और लोकजीवन की समृद्ध विरासत का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मां गंगा केवल एक नदी नहीं हैं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की जीवनदायिनी धारा हैं।गंगा के प्रति लोगों की आस्था सदियों से भारतीय समाज को जोड़ने का कार्य करती रही है।डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि कोयला बाबा के प्रति क्षेत्र के लोगों की गहरी श्रद्धा और विश्वास समाज में धर्म, सेवा एवं सदाचार की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि ये समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का माध्यम भी बनते हैं।उन्होंने कहा कि मां गंगा की अविरल और निर्मल धारा करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र है।

गंगा हमें पवित्रता, त्याग, सेवा और समर्पण का संदेश देती हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे गंगा समेत सभी नदियों, तालाबों और जलस्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए आगे आएं। जल संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक जिम्मेदारी है।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की धरती हमेशा से आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना की भूमि रही है। भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, संतों और महापुरुषों की इस पावन धरती ने पूरी दुनिया को शांति, करुणा और मानवता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अपनी गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है।उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहकर सामाजिक विकास में योगदान देना चाहिए।

ऐसे आयोजन लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा का संचार करते हैं।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मां गंगा और कोयला बाबा की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर बनी रहे तथा प्रदेश एवं देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वातावरण कायम हो।कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष पाठक, जिला मंत्री दिलीप चंद्रवंशी, शिवजी मल्लाह, छोटक मल्लाह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

