बक्सर में भाजपा का ‘विकसित भारत’ संकल्प सम्मेलन, मंत्री शैलेंद्र बोले- मजबूत बुनियादी ढांचा ही विकास की नींव
भारतीय जनता पार्टी बक्सर जिला इकाई की ओर से रविवार को भाजपा कार्यालय अहिरौली में ‘विकसित भारत सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा किसी भी प्रदेश की आर्थिक प्रगति का आधार होता है।

__ सड़क-पुलों के विस्तार से बदलेगी बिहार की तस्वीर, कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का किया आह्वान
केटी न्यूज/बक्सर
भारतीय जनता पार्टी बक्सर जिला इकाई की ओर से रविवार को भाजपा कार्यालय अहिरौली में ‘विकसित भारत सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा किसी भी प्रदेश की आर्थिक प्रगति का आधार होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन लक्ष्मण शर्मा ने किया। सम्मेलन का उद्घाटन मंत्री कुमार शैलेंद्र सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री का अंगवस्त्र और माला पहनाकर स्वागत किया।

जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने बक्सर की धरती पर मंत्री के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़कें, पुल और मजबूत परिवहन व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बक्सर समेत पूरे बिहार में आधुनिक सड़क नेटवर्क तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसका लाभ आम लोगों के साथ-साथ व्यापार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिल रहा है।मंत्री ने कहा कि बक्सर को राज्य और देश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों से जोड़ने के लिए सड़क और आधारभूत संरचना को और सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास परियोजनाओं के माध्यम से जिले की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा के साथ नए रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचेगी।सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा, प्रदीप दुबे, राणा प्रताप सिंह, रामाश्रय प्रसाद, धनंजय तिर्गुण, भुटेली तिवारी सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में पूनम रविदास, रानी चौबे, मीना सिंह कुशवाहा, इंदु देवी, संध्या पांडेय, कंचन देवी, सुनील सिंह, रमेश गुप्ता, दीपक पांडेय, भारत भूषण सिंह, जयप्रकाश राय, अविनाश पांडेय, प्रिया राय, सतीश त्रिपाठी, मनोज पांडेय, धनंजय राय, विंध्याचल सिंह, सोनू राय, भास्कर सिंह, उमाशंकर राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

