छठे दिन भी नहीं टूटी सफाईकर्मियों की हड़ताल, सड़कों पर उतरे निकाय कर्मी

बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर नगर निकाय कर्मियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी नगर परिषद डुमरांव में जारी रही। हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित है।

छठे दिन भी नहीं टूटी सफाईकर्मियों की हड़ताल, सड़कों पर उतरे निकाय कर्मी

__ डुमरांव में नगर परिषद कर्मियों ने निकाला आक्रोश मार्च, सरकार पर मजदूर विरोधी नीतियों का लगाया आरोप; कार्यकारी चेयरमैन से मांगें सरकार तक पहुंचाने की अपील

केटी न्यूज/डुमरांव। 

बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर नगर निकाय कर्मियों की राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी नगर परिषद डुमरांव में जारी रही। हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित है। अपनी मांगों के समर्थन में सफाईकर्मियों ने मंगलवार को नगरपालिका बाजार कैंपस से आक्रोश मार्च निकाला और विभिन्न मार्गों से होते हुए नया थाना पहुंचकर सभा की।हर दिन की तरह मंगलवार की सुबह भी नगर परिषद के सफाईकर्मी नगरपालिका बाजार कैंपस में जुटे। यहां आयोजित सभा के बाद कर्मियों ने मार्च निकाला। मार्च सफाखाना रोड, हरिजी के हाता और स्टेशन रोड होते हुए नया थाना पहुंचा। वहां सभा आयोजित कर सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर आवाज बुलंद की गई। इसके बाद कर्मी वापस नगरपालिका बाजार कैंपस पहुंचे, जहां पुनः सभा आयोजित हुई।

सभाओं को बिहार राज्य स्थानीय नगर निकाय कर्मचारी महासंघ के नगर इकाई सचिव शिव शंकर तिवारी, सीपीआई के वरिष्ठ नेता सह जिला परिषद सदस्य केदार यादव, भाकपा माले नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय, बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के नेता ओम प्रकाश यादव, भाकपा माले नगर कमिटी सचिव कृष्णा राम, सीपीआई नेता शमीम मंसूरी, सफाईकर्मी नेता संजय कुमार सिंह और सरोज राम ने संबोधित किया।वक्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मजदूरों के अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकायों में सफाई सेवाओं के निजीकरण से कर्मियों के अधिकारों पर सीधा असर पड़ा है। वक्ताओं ने नए चार श्रम कोड को भी मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि इससे श्रमिकों के अधिकारों का हनन होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

--सरकार तक मांग पहुंचाने की अपील

हड़ताल के दौरान नगर परिषद डुमरांव के कार्यकारी चेयरमैन विकास ठाकुर और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य विजय कुमार भी कर्मियों से वार्ता करने पहुंचे। यूनियन नेताओं ने उनके समक्ष सरकार से जुड़ी अपनी मांगों को विस्तार से रखा। दोनों जनप्रतिनिधियों ने अपनी सीमाएं बताते हुए कर्मियों की मांगों को सुना। इस पर सफाईकर्मियों ने कार्यकारी चेयरमैन से अपने स्तर से उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की अपील की।सभा में भाकपा माले नेता शैलेन्द्र पासवान, आरवाईए नेता बाबूलाल राम, राधेश्याम शर्मा, जाबिर कुरैशी, महिला नेत्री पूजा यादव, नासिर हसन, सीपीआई नेता कृष्णा जी समेत बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे। इनमें मुन्नी देवी, रमिया देवी, महेंद्र राम, राजदेव डोम, रिंकू राम, विनोद राम और अशोक डोम सहित अन्य कर्मी शामिल थे। कर्मियों ने दोहराया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।