बलिया–आरा नई रेल लाइन को लेकर रेल मंत्रालय के संकेत से इलाके में विकास की उम्मीद तेज
बलिया–आरा प्रस्तावित नई रेल परियोजना को लेकर रघुनाथपुर एलाइनमेंट अब चर्चा के केंद्र में आ गया है। बक्सर विधायक आनंद मिश्रा द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे गए प्रस्ताव पर रेल मंत्रालय की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद क्षेत्र में नई उम्मीदें जाग उठी हैं।

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर |
बलिया–आरा प्रस्तावित नई रेल परियोजना को लेकर रघुनाथपुर एलाइनमेंट अब चर्चा के केंद्र में आ गया है। बक्सर विधायक आनंद मिश्रा द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजे गए प्रस्ताव पर रेल मंत्रालय की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद क्षेत्र में नई उम्मीदें जाग उठी हैं। मंत्रालय ने प्रस्ताव की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है, जिससे इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को नई गति मिलने की संभावना बढ़ गई है।विधायक आनंद मिश्रा ने अपने पत्र में बक्सर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन और वाशिंग कॉम्प्लेक्स की स्थापना, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और नई ट्रेनों के संचालन की मांग के साथ बलिया–आरा रेल लाइन का एलाइनमेंट जगजीवन हॉल्ट के बजाय रघुनाथपुर स्टेशन से करने का सुझाव दिया है।

मंत्रालय की प्रतिक्रिया के बाद यह प्रस्ताव अब क्षेत्रीय स्तर पर चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।इस पहल को आगे बढ़ाने में रेल यात्री कल्याण समिति, दानापुर मंडल के महामंत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा की भी सक्रिय भूमिका रही है। उनके प्रयासों के बाद डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी रेल मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय को विस्तृत सुझाव भेजे हैं।प्रस्ताव में दावा किया गया है कि रघुनाथपुर एलाइनमेंट वर्तमान संभावित मार्ग की तुलना में अधिक व्यावहारिक और आर्थिक रूप से लाभकारी साबित हो सकता है।मौजूदा प्रस्तावित मार्ग कई दलदली और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजरता है, जिससे निर्माण कार्य जटिल और महंगा होने की आशंका है।

वहीं रघुनाथपुर मार्ग अपेक्षाकृत स्थिर भूभाग से होकर गुजरने वाला बताया जा रहा है। अनुमान है कि इससे परियोजना की लंबाई करीब 61 किलोमीटर से घटकर लगभग 35 किलोमीटर रह सकती है, जिससे निर्माण लागत, भूमि अधिग्रहण और समय में बड़ी बचत संभव होगी।धार्मिक और औद्योगिक दृष्टि से भी यह परियोजना अहम मानी जा रही है। रघुनाथपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर और बलिया के बाबा भृगुनाथ धाम के बीच सीधा रेल संपर्क बनने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। वहीं जेके सीमेंट प्लांट और नवानगर स्थित कोका-कोला प्लांट जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

