शिक्षक के 1.05 लाख रुपये रहस्यमय तरीके से गायब

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर में शिक्षक के बैग से 1.05 लाख रुपये समेत जरूरी कागजात गायब होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर कुल्हड़ियां गांव निवासी एवं मध्य विद्यालय महुआर में कार्यरत शिक्षक रामाशीष ठाकुर ने पुलिस को आवेदन दिया है।

शिक्षक के 1.05 लाख रुपये रहस्यमय तरीके से गायब

__ प्रतापसागर में बाइक पर रखा बैग हुआ गायब, रकम के साथ जरूरी कागजात भी ले गए चोर; पुलिस जांच में जुटी

केटी न्यूज/डुमरांव।

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रतापसागर में शिक्षक के बैग से 1.05 लाख रुपये समेत जरूरी कागजात गायब होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर कुल्हड़ियां गांव निवासी एवं मध्य विद्यालय महुआर में कार्यरत शिक्षक रामाशीष ठाकुर ने पुलिस को आवेदन दिया है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।शिक्षक के मुताबिक विद्यालय से निकलने के बाद उन्होंने बैंक से एक लाख पांच हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद बाइक से घर लौट रहे थे। प्रतापसागर से करीब सौ मीटर पहले उन्होंने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और शौच के लिए चले गए।

कुछ देर बाद लौटे तो बाइक पर रखा बैग गायब था। बैग में नकदी के अलावा आवश्यक कागजात भी बताए गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, घटना से जुड़ी परिस्थितियां अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। पुलिस को विस्तृत जानकारी देने के लिए शिक्षक द्वारा आवेदन संशोधित कर दोबारा देने की बात कही गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक दूसरा आवेदन थाने में नहीं दिया गया था। ऐसे में पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बैग कैसे और किन परिस्थितियों में गायब हुआ।