तीन डिसमिल जमीन की आस में चौसा अंचल में उमड़ा जनसैलाब
गृहविहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन मिलने की उम्मीद ने चौसा अंचल कार्यालय में भीड़ बढ़ा दी है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की घोषणा के बाद जमीन के लिए आवेदन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को सुबह से ही आरटीपीएस काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं।

__ अब तक 1500 आवेदक पहुंचे, आरटीपीएस काउंटर पर सुबह से लगी लंबी कतारें; महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी
केटी न्यूज/चौसा।
गृहविहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन मिलने की उम्मीद ने चौसा अंचल कार्यालय में भीड़ बढ़ा दी है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की घोषणा के बाद जमीन के लिए आवेदन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को सुबह से ही आरटीपीएस काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं। पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी आवेदन जमा कराने पहुंचीं।आवेदकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अंचल प्रशासन ने आरटीपीएस कार्यालय में दो काउंटर चालू किए हैं, ताकि आवेदन जमा कराने में लोगों को परेशानी न हो। इसके बावजूद दिनभर परिसर में आवेदकों की भीड़ बनी रही।

__ 1500 ने लगाई जमीन की आस
सीओ विजय प्रकाश ने बताया कि विभागीय निर्देश पर गृहविहीन लाभार्थियों से तीन डिसमिल जमीन के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। अब तक करीब 1500 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदनों की जांच के बाद पात्र लाभार्थियों के मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।जमीन के अभाव में वर्षों से घर बनाने का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को इस योजना से उम्मीद जगी है। इसी उम्मीद में हर दिन बड़ी संख्या में लोग अंचल कार्यालय पहुंच रहे हैं।

