रामपुर आवासीय विद्यालय के छात्रों की समस्याओं पर जिला प्रशासन ने लिया तत्काल संज्ञान, एसआईटी गठित

केसठ प्रखंड के रामपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले कुछ छात्रों के अचानक विद्यालय परिसर से बाहर निकलने की सूचना ने सोमवार को जिला प्रशासन में हलचल बढ़ा दी। विद्यालय से बाहर निकले छात्र बाद में शिक्षकों के साथ विभिन्न माध्यमों से बक्सर पहुंचे।

रामपुर आवासीय विद्यालय के छात्रों की समस्याओं पर जिला प्रशासन ने लिया तत्काल संज्ञान, एसआईटी गठित

__ समस्याओं को लेकर विद्यालय से निकले छात्र बक्सर पहुंचे, अधिकारियों ने की पूछताछ; जांच समिति गठित, जिले के सभी छात्रावासों की व्यवस्थाओं की होगी पड़ताल

केटी न्यूज/बक्सर।

केसठ प्रखंड के रामपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले कुछ छात्रों के अचानक विद्यालय परिसर से बाहर निकलने की सूचना ने सोमवार को जिला प्रशासन में हलचल बढ़ा दी। विद्यालय से बाहर निकले छात्र बाद में शिक्षकों के साथ विभिन्न माध्यमों से बक्सर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्रों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान की कवायद शुरू कर दी।जिला कल्याण पदाधिकारी को सूचना मिली कि कुछ छात्र विद्यालय के मुख्य द्वार से बाहर निकल गए हैं। इसके बाद उन्होंने तत्काल विद्यालय के प्रधानाध्यापक से संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षकों को उनके पीछे भेजा गया। वहीं, जिला कल्याण पदाधिकारी भी बक्सर के लिए रवाना हुए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी, डुमरांव एसडीओ और संबंधित थाना प्रभारी ने छात्रों से संवाद स्थापित कर विद्यालय से बाहर निकलने की वजह और उनकी समस्याओं की जानकारी लेने का प्रयास किया। हालांकि, तत्काल छात्रों ने अपनी समस्याओं के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी।इधर, प्रशासनिक स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक विद्यालय में पिछले कुछ दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली नहीं रहने के दौरान भोजन, पेयजल समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं जनरेटर के सहारे संचालित किए जाने की बात कही गई है। छात्रों के बक्सर पहुंचने के बाद अपर समाहर्ता, बक्सर एसडीओ समेत अन्य अधिकारियों ने उनकी सुरक्षा, संरक्षण और आवश्यक सुविधाओं को लेकर स्थिति की समीक्षा शुरू कर दी।

मामले पर जिला पदाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी को छात्रों के हित में नियमानुकूल कार्रवाई का निर्देश दिया है। साथ ही जांच समिति गठित कर जिले में संचालित सभी छात्रावासों का निरीक्षण कराने का फैसला लिया गया है। निरीक्षण के दौरान आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा, भोजन, पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की पड़ताल की जाएगी। प्रशासन ने कमियों के सामने आने पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।