महंगाई और गैस संकट पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा

महंगाई और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

महंगाई और गैस संकट पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा

__ बक्सर में पुतला दहन, सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भागीदारी, राहत नहीं मिली तो आंदोलन होगा और तेज

केटी न्यूज/बक्सर:

महंगाई और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दोपहर साढ़े बारह बजे शुरू हुए इस आंदोलन में कार्यकर्ताओं ने शहर के सिंडिकेट इलाके में जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया।

करीब डेढ़ बजे पुतला दहन किया गया, जिसके बाद  कांग्रेस कार्यालय में आमसभा का आयोजन हुआ।सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज पांडेय ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार से कराह रही है। रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।डॉ. पांडेय ने चेतावनी दी कि जब तक गैस की कीमतों में राहत नहीं दी जाती और महंगाई पर नियंत्रण नहीं होता, तब तक कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा और इसे चरणबद्ध तरीके से और व्यापक बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी मृणाल अनामय ने भी केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों के कारण देश की आम जनता, किसान और मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर इस आंदोलन को और मजबूत करने का आह्वान किया।प्रदर्शन में जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय, मुन्ना पांडे, ओबीसी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद मौर्य, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष निर्मला देवी सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिलाओं और आम नागरिकों की भागीदारी ने इस आंदोलन को और प्रभावशाली बना दिया।

कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि यह प्रदर्शन सिर्फ एक शुरुआत है। यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई और रसोई गैस संकट पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होगा।यह विरोध प्रदर्शन साफ संकेत देता है कि महंगाई का मुद्दा अब राजनीतिक रूप से गरमाता जा रहा है और विपक्ष इसे बड़े जनआंदोलन में बदलने की तैयारी में है।