जिला समन्वय समिति की बैठक में सख्तीरू अनुपस्थित अफसरों से स्पष्टीकरण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का अल्टीमेटम
सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
-- सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान को सफल बनाने के लिए 12 फरवरी को पंचायतवार कैंप, शत-प्रतिशत आच्छादन का निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।बैठक के क्रम में राजपुर के राजस्व अधिकारी, चौगाई एवं नावानगर के अंचल अधिकारी की अनुपस्थिति पाई गई। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर शीघ्र स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया।

-- 12 फरवरी को पंचायतवार लगेगा ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कैंप
बैठक में बिहार सरकार की सात निश्चय-03 योजना के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 12 फरवरी को जिले के सभी पंचायतों में विशेष कैंप का आयोजन सुनिश्चित करें। इन कैंपों में आम नागरिकों से परिवाद पत्र प्राप्त कर यथासंभव त्वरित निष्पादन किया जाएगा, साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि कैंप के माध्यम से पेंशन, राशन कार्ड, कृषि विद्युत कनेक्शन, उद्योग, मत्स्य, उद्यान, कृषि, पशुपालन, मनरेगा, थाना एवं अंचल से संबंधित सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाया जाए। संबंधित विभागों के कर्मी एवं प्रखंडस्तरीय पदाधिकारी कैंप में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे और प्राप्त आवेदनों का मौके पर या तय समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।

-- प्रचार-प्रसार में कोई कोताही नहीं
जिलाधिकारी ने जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जीविका को निर्देश दिया कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार फ्लैक्स बैनर, माइकिंग, सूचना पट्ट, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा स्थानीय संचार माध्यमों से अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग कैंप का लाभ उठा सकें।
-- अतिक्रमण मामलों में शून्य रिपोर्ट पर नाराजगी
अतिक्रमण से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि इटाढ़ी, चौसा, नावानगर, चक्की एवं सिमरी अंचलों द्वारा शून्य मामले प्रतिवेदित किए गए हैं, जबकि जनता दरबार में लगातार अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि अंचल अधिकारी जानबूझकर मामलों पर संज्ञान नहीं ले रहे हैं। संबंधित अंचल अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया।

-- दाखिल-खारिज और ई-मापी में भारी लापरवाही
समीक्षा में सामने आया कि चौसा, इटाढ़ी और राजपुर अंचलों में 75 दिनों से अधिक समय से दाखिल-खारिज के मामले लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अंचल अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने और स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। भूमि सुधार उप समाहर्ता, बक्सर को नियमित अनुश्रवण कर मामलों के निष्पादन की जिम्मेदारी सौंपी गई।ई-मापी के मामलों में बक्सर, इटाढ़ी, डुमरांव और सिमरी अंचलों में सर्वाधिक लंबित प्रकरण पाए गए। इन सभी मामलों को एक सप्ताह के भीतर निष्पादित करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।
-- 120 दिन से अधिक लंबित मामलों पर सख्त चेतावनी
बक्सर, चौसा और राजपुर अंचलों में 120 दिनों से अधिक समय से परिमार्जन के लंबित मामलों पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे संबंधित राजस्व कर्मचारी एवं राजस्व अधिकारियों से कारण पृच्छा करें।

-- कृषक निबंधन में शिथिलता पर होगी कार्रवाई
जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अंचल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर परिमार्जन के उपरांत डाटा प्राप्त करते हुए कृषक निबंधन कार्य में तेजी लाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
