धनसोई बाजार की सुरक्षा पर बड़ा सवाल, ज्वेलरी शॉप में 20 लाख की सुनियोजित चोरी
धनसोई बाजार में रविवार की रात जिस तरह से ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया गया, उसने न केवल व्यापारियों को दहला दिया है, बल्कि बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार ग्रामीण बैंक के समीप स्थित मां मुंडेश्वरी ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से सेंधमारी कर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिए। स्थानीय लोग इसे अब तक की सबसे बड़ी चोरी की घटना बता रहे हैं।
-- सीसीटीवी उखाड़ ले गए चोर, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच तेज
केटी न्यूज/धनसोई
धनसोई बाजार में रविवार की रात जिस तरह से ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया गया, उसने न केवल व्यापारियों को दहला दिया है, बल्कि बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिहार ग्रामीण बैंक के समीप स्थित मां मुंडेश्वरी ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से सेंधमारी कर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिए। स्थानीय लोग इसे अब तक की सबसे बड़ी चोरी की घटना बता रहे हैं।

-- पीछे से घुसे, शटर तोड़ा और मिनटों में साफ कर गए दुकान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक बिट्टू वर्मा रविवार की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान के पीछे की ओर से कटरे में प्रवेश किया। इसके बाद शटर का ताला तोड़कर भीतर घुसे और अलमीरा को धारदार हथियार से काट डाला। चोर करीब चार किलो चांदी और लगभग सौ ग्राम सोने के आभूषण समेट ले गए।

-- सबूत मिटाने की कोशिश, डीवीआर तक ले उड़े चोर
चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर यहीं नहीं रुके। पहचान छिपाने के इरादे से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, हार्ड डिस्क और मदरबोर्ड भी निकालकर साथ ले गए। इससे साफ है कि चोरी पूरी प्लानिंग के साथ की गई है और इसमें पेशेवर गिरोह की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता।
-- सुबह दुकान खुलते ही उड़े होश, बाजार में फैली दहशत
सोमवार सुबह जब व्यवसायी दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा हुआ शटर और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की खबर फैलते ही बाजार के अन्य दुकानदार भी मौके पर जुट गए और सुरक्षा को लेकर नाराजगी जाहिर की।

-- एफएसएल व डॉग स्क्वॉड सक्रिय, पुलिस को जल्द खुलासे की उम्मीद
सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।