होली 2026: बक्सर में चौकस प्रशासन, 102 दंडाधिकारी और 31 गश्ती दल तैनात
होली पर्व 2026 को लेकर बक्सर जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शुक्रवार को नगर भवन में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की। स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, गश्ती दल दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस बल 2 मार्च की अपराह्न तक अपने-अपने तैनाती स्थल पर पहुंच जाएं और 4 मार्च तक अथवा स्थिति सामान्य होने तक मुस्तैद रहें।

-- जिलाधिकारी साहिला व एसपी शुभम आर्य की संयुक्त ब्रीफिंग, क्यूआरटी, नाव गश्ती और साइबर निगरानी का सख्त इंतजाम
केटी न्यूज/बक्सर
होली पर्व 2026 को लेकर बक्सर जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शुक्रवार को नगर भवन में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की। स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, गश्ती दल दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस बल 2 मार्च की अपराह्न तक अपने-अपने तैनाती स्थल पर पहुंच जाएं और 4 मार्च तक अथवा स्थिति सामान्य होने तक मुस्तैद रहें।

-- अनुमंडल स्तर पर कड़ी मॉनिटरिंग
प्रशासन ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बक्सर और डुमरांव को अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था की सीधी जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 2 मार्च की अपराह्न तक यह सुनिश्चित कर लें कि सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस बल अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच चुके हैं। साथ ही नियमित भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहें।सभी थानाध्यक्ष, ओपी अध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक, अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को क्षेत्र में आसूचना संग्रह करने तथा स्वयं भी भ्रमणशील रहकर हालात की निगरानी का निर्देश दिया गया है।

-- साफ-सफाई से लेकर बिजली मरम्मत तक अलर्ट
नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को होली के अवसर पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। वहीं होलिका दहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।जिला अग्निशमन पदाधिकारी को निर्देश है कि जिला नियंत्रण कक्ष, समाहरणालय, मॉडल थाना बक्सर और डुमरांव थाना में एक-एक अग्निशमन वाहन एवं दल तैयार हालत में तैनात रखें। विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है कि होलिका दहन स्थलों और जुलूस मार्गों पर लटकते एवं खुले तारों की सूची लेकर उनकी मरम्मत तत्काल कराएं।

-- 24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
होली के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा में कार्यरत रहेगा। इसका दूरभाष नंबर 06183-223333 जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष के प्रभार में डीआरडीए निदेशक अरविंद कुमार सिंह (मो. 9031071430) एवं अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार झा (मो. 9608672554) को प्रतिनियुक्त किया गया है।वितंतु पर्यवेक्षक, बिहार पुलिस रेडियो को 2 मार्च से 4 मार्च तक सभी वायरलेस सेट 24 घंटे चालू रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि आदेश-निर्देश का त्वरित संप्रेषण हो सके।

-- साइबर सेल की सोशल मीडिया पर पैनी नजर
पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना बक्सर एवं अनुमंडल स्तरीय अधिकारी ‘साइबर सेनानी’ व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखेंगे। किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
-- अस्पताल और एंबुलेंस अलर्ट मोड में
असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सदर अस्पताल बक्सर, अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव तथा सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की टीम, पर्याप्त दवाइयों और एंबुलेंस के साथ तैयार रहे। सरकारी व निजी अस्पतालों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

-- क्यूआरटी और नाव गश्ती से मद्य निषेध पर शिकंजा
होली के दौरान आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। अनुमंडल स्तर पर भी अतिरिक्त क्यूआरटी गठित करने का निर्देश है।शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधीक्षक मद्य निषेध को चिन्हित स्थलों पर लगातार छापेमारी और निगरानी का निर्देश दिया गया है। नदी क्षेत्रों में संभावित तस्करी को रोकने के लिए थानावार नाव गश्ती कराई जाएगी। संभावित घाटों पर विशेष निगरानी रखते हुए दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहेंगे। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव को नाव की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और पर्यवेक्षण का दायित्व सौंपा गया है। साथ ही नियमित मोटरसाइकिल गश्ती भी कराई जाएगी।
-- 102 दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल और 2 जोनल दंडाधिकारी तैनात
प्रशासन ने होली के लिए कुल 102 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी/बल, 31 गश्ती दल और 2 जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्णय लिया है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतत भ्रमणशील रहकर प्रशासनिक सतर्कता बरतने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।जिलाधिकारी और एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि होली सौहार्द और उल्लास का पर्व है, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग और शांति बनाए रखने की अपील की है।
