मटकीपुर में पुआल के ढेर में लगी आग, बुझ गया घर का चिराग
बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत मटकीपुर पंचायत में गुरुवार की दोपहर एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी, जिसने पूरे गांव को शोक की गहरी चादर में लपेट दिया। खेलते-खेलते छह वर्षीय मासूम आदित्य कुमार की जिंदगी जलते पुआल के ढेर में समा गई। कुछ ही पलों में हंसी-खुशी से गूंजता आंगन चीख-पुकार में बदल गया।

केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत मटकीपुर पंचायत में गुरुवार की दोपहर एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी, जिसने पूरे गांव को शोक की गहरी चादर में लपेट दिया। खेलते-खेलते छह वर्षीय मासूम आदित्य कुमार की जिंदगी जलते पुआल के ढेर में समा गई। कुछ ही पलों में हंसी-खुशी से गूंजता आंगन चीख-पुकार में बदल गया।मटकीपुर निवासी राजकुमार साह का पुत्र आदित्य अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। घर के पीछे अन्य बच्चों के साथ खेलते समय पास में रखे पुआल के ढेर में अचानक आग भड़क उठी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, मासूम लपटों की चपेट में आ गया।

शोर सुनकर दौड़े परिजन जब तक आग पर काबू पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।गंभीर रूप से झुलसे आदित्य को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार पर मानो पहाड़ टूट पड़ा। काम से बाहर गए पिता राजकुमार साह जब घर लौटे, तो उनके सामने बेटे की निर्जीव देह थी। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। जिस आंगन में आदित्य की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम का माहौल है। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और हर कोई इस असमय हुई त्रासदी से स्तब्ध है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। लेकिन गांव वालों के लिए यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि एक ऐसा जख्म है, जो लंबे समय तक हरा रहेगा।

