राजपुर में दिव्यांग बच्चों के लिए प्रमाणीकरण शिविर आयोजित

समावेशी शिक्षा को धरातल पर उतारने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को सशक्त बनाने की दिशा में राजपुर प्रखंड में एक अहम पहल की गई। बीआरसी परिसर में बिहार शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के पूर्व से नामांकित दिव्यांग छात्र-छात्राओं की जांच की गई।

राजपुर में दिव्यांग बच्चों के लिए प्रमाणीकरण शिविर आयोजित

केटी न्यूज/राजपुर

समावेशी शिक्षा को धरातल पर उतारने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को सशक्त बनाने की दिशा में राजपुर प्रखंड में एक अहम पहल की गई। बीआरसी परिसर में बिहार शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के पूर्व से नामांकित दिव्यांग छात्र-छात्राओं की जांच की गई।इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान, प्रमाणीकरण और उनकी जरूरतों के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना रहा, ताकि वे शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

शिविर में पहुंचे बच्चों की शारीरिक एवं शैक्षणिक स्थिति का आकलन विशेषज्ञों और शिक्षकों की टीम द्वारा किया गया। प्रमाणीकरण के बाद आगामी दिनों में इन बच्चों को व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, एमआर किट, लो विजन किट, ब्रेल किट, वाइट केन और बैसाखी जैसे सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।शिविर में विभिन्न गांवों से आए मूकबधिर, अस्थि दिव्यांग, दृष्टिबाधित सहित अन्य श्रेणी के लगभग 40 दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया। बच्चों के साथ अभिभावक भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उनके बच्चों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।

मौके पर मौजूद शिक्षकों ने बताया कि समावेशी शिक्षा का लक्ष्य सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांग बच्चों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद करना भी है।इस अवसर पर दिलीप मिश्रा, आनंद मिश्रा, आशुतोष शर्मा, राहुल गुप्ता, दिनेश प्रसाद सिंह सहित अन्य शिक्षा कर्मी और सहयोगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम दोपहर तक चला और इसे सफल बनाने में सभी कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।