डिहरा वार्ड 14 जनप्रतिनिधियों के विकास से दूर, चार वर्षों में नहीं हुआ कोई ठोस कार्य - वार्ड सदस्य
प्रखंड क्षेत्र के डिहरा गांव के वार्ड संख्या 14 में विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वार्ड सदस्य बीरबल यादव ने आरोप लगाया है कि पिछले चार वर्षों में इस वार्ड में पक्कीकरण, नाली निर्माण सहित अन्य बुनियादी विकास कार्यों की पूरी तरह से उपेक्षा की गई है।वार्ड सदस्य ने बताया कि पंचायत के अन्य वार्डों में जहां विकास योजनाओं के तहत सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कराया गया है, वहीं वार्ड संख्या 14 आज भी इन सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि कई बार पंचायत स्तर पर इस संबंध में आवाज उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि गांव के इस वार्ड के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। ना तो प्रखंड क्षेत्र पंचायत समिति सदस्य के मद से कोई योजना लाई गई और ना ही मुखिया के मद से किसी प्रकार का विकास कार्य कराया गया। परिणामस्वरूप यहां के लोगों को कच्ची गलियों और जलनिकासी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

वार्ड सदस्य ने बताया कि वार्ड के कई स्थानों पर नाली नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे गंदगी और बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। वार्ड सदस्य ने कहा कि अगर जल्द ही इस वार्ड में पक्की सड़क, नाली निर्माण और अन्य आवश्यक विकास कार्य नहीं कराए गए, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से मांग की है कि वार्ड संख्या 14 की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द विकास कार्य शुरू कराया जाए, ताकि यहां के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। हालांकि इसी वार्ड में बीडीसी और पंचायत मुखिया के द्वारा थोड़ी काम कराया गया है, लेकिन पूरी तरह से नहीं।
