16.16 करोड़ की लागत से आशा पड़री से गंगौली बांध तक की सड़क का होगा चौड़ीकरण, 10 लाख अबादी को मिलेगा लाभ: मिश्र

16.16 करोड़ की लागत से आशा पड़री से गंगौली बांध तक की सड़क का होगा चौड़ीकरण, 10 लाख अबादी को मिलेगा लाभ: मिश्र

- जिप सदस्य रामावती देवी की मांग पर जिला प्रशासन ने दी स्वीकृति

- सड़क चौड़ीकरण होने से 10 लाख की आबादी को मिलेगा लाभ, बढ़ेगा व्यवसाय

केटी न्यूज/सिमरी 

आशा पड़री से नियाजीपुर, कोईलवर तटबंध होते हुए गंगौली तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। 16.16 करोड़ की लागत से इस पथ का चौड़ीकरण किया जाएगा। चौड़ीकरण का काम ग्रामीण कार्य विभाग के जिम्मे होगा। बता दें कि सिमरी पूर्वी के जिप सदस्य रामावती देवी ने हाल ही में बक्सर डीएम अंशुल अग्रवाल को आवेदन दे इस पथ के चौड़ीकरण की मांग की थी।

अपने आवेदन में जिप सदस्य ने इस पथ के महत्व तथा गंगा नदी पर शिवपुर दियर के पास बने जनेश्वर मिश्र सेतु से संपर्क को दिखाते हुए इस पथ के चौड़ीकरण की मांग की थी। जिसके बाद डीएम ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

 20 पंचायतों तथा 10 लाख की आबादी को सीधे मिलेगा लाभरू विजय मिश्रा

 इस संबंध में जानकारी देते हुए जिप सदस्य के प्रतिनिधि सह चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता विजय मिश्र ने कहा कि स्व. चन्द्रमा मिश्र पथ के चौड़ीकरण के बाद दियारा क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा व्यवसाय भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के मरम्मत होने से सिमरी प्रखंड के 20 पंचायतों तथा 10 लाख की आबादी को सीधे लाभ मिलेगा।

वही डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र से यूपी के बलिया तक का परिवहन भी आसान हो जाएगा। बता दें कि इस पथ पर हर दिन हजारों वाहनों का परिचालन होता है। सिमरी प्रखंड के दियारा क्षेत्र के लिए यह पथ लाईफ लाईन है। लेकिन पथ की चौड़ाई कम होने से अक्सर जाम की नौबत आती है। वही वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन अब इस पथ के चौड़ीकरण की खबर सुनते ही लोगों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।