गंगा की स्वच्छता के संकल्प से गूंजा सिपाही घाट

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत बक्सर के सिपाही घाट पर गंगा स्वच्छता का व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

गंगा की स्वच्छता के संकल्प से गूंजा सिपाही घाट

__ ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में प्रशासन से युवाओं तक ने मिलकर दिया निर्मल गंगा का संदेश, दौड़ से मानव रंगोली तक हुए विविध आयोजन

केटी न्यूज/बक्सर।

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत बक्सर के सिपाही घाट पर गंगा स्वच्छता का व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला गंगा समिति, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला गंगा समिति साहिला की उपस्थिति में प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं, स्वच्छता कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों, शिक्षकों और सामाजिक समूहों ने एकजुट होकर गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल गंगा तट पर विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों के साथ हुई। आयोजन में गंगा योग, गंगा स्वच्छता शपथ, हस्ताक्षर अभियान, गंगा स्वच्छता सम्मान, गंगा स्वच्छता दौड़ और मानव रंगोली प्रमुख आकर्षण रहे।

युवाओं और विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बनाया। रूद्रा गुरुकुल समूह ने भी आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।इस दौरान उपस्थित लोगों ने गंगा को केवल नदी नहीं, बल्कि बक्सर की जीवनरेखा बताते हुए इसकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गंगा की स्वच्छता केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए गंगा तट और इसके आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

__ जमीनी स्तर पर काम करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान श्रावणी मेला सहित विभिन्न जिला स्तरीय आयोजनों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों एवं पदाधिकारियों को जिला गंगा समिति की ओर से सम्मानित किया गया। लगातार जमीनी स्तर पर साफ-सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मियों के सम्मान को कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया।जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला गंगा समिति ने आह्वान किया कि गंगा को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाए रखना किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र की मजबूत आधारशिला तैयार होती है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, वरीय पदाधिकारी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, जेल अधीक्षक, प्रभारी नोडल पदाधिकारी नमामि गंगे, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, समाहरणालय संवर्ग के प्रशासी पदाधिकारी एवं लिपिक, मीडिया कर्मी तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन ने गंगा संरक्षण को लेकर प्रशासन और समाज की साझा प्रतिबद्धता को एक बार फिर सामने रखा।