खलासी मोहल्ले में छापेमारी से मचा हड़कंप, दो दर्जन गोवंश बरामद
नगर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ले में कथित अवैध बूचड़खाने के संचालन की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार और नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ की गई छापेमारी में मौके से करीब दो दर्जन गोवंश बरामद किए गए।


__ कथित अवैध बूचड़खाने की शिकायत पर पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एक संदिग्ध हिरासत में; लकड़ी के बोटे समेत कई सामान मिले
केटी न्यूज/बक्सर।
नगर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ले में कथित अवैध बूचड़खाने के संचालन की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार और नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ की गई छापेमारी में मौके से करीब दो दर्जन गोवंश बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। वहीं, पूरे मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच करते हुए उनकी पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है।बताया जाता है कि खलासी मोहल्ले में लंबे समय से कथित तौर पर अवैध गतिविधियों के संचालन की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। शिकायतों में गोवंश को एक स्थान पर रखे जाने और अवैध रूप से कटाई किए जाने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस और पशु क्रूरता निरीक्षक की टीम ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई से आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

__ मौके पर मिले कई संदिग्ध सामान
छापेमारी के दौरान टीम को परिसर में बड़ी संख्या में गोवंश मिले। इसके अलावा लकड़ी का बोटा समेत कुछ ऐसे सामान भी बरामद किए गए, जिनके इस्तेमाल को लेकर पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मौके की स्थिति और बरामद सामान को देखते हुए प्रथमदृष्टया यहां किसी तरह की अवैध गतिविधि संचालित होने की आशंका है। हालांकि, मामले की वास्तविक स्थिति जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।पशु क्रूरता निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि खलासी मोहल्ले में कथित अवैध बूचड़खाने को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। नगर थानाध्यक्ष से सूचना मिलने के बाद पुलिस बल के साथ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पशुओं के साथ क्रूरता अथवा गोवंश की अवैध कटाई से संबंधित किसी भी गतिविधि को कानून के दायरे में लाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

__ बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की कवायद
कार्रवाई के बाद बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की तह तक पहुंचने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में गोवंश वहां किसके द्वारा लाए गए थे और कथित गतिविधि का संचालन कौन कर रहा था। हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ के जरिए पुलिस अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले का कोई व्यापक नेटवर्क तो नहीं है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशु क्रूरता और अवैध गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों पर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

