लोकमान्य तिलक–भागलपुर एक्सप्रेस में शराब तस्करों और पुलिस की टकराव, फायरिंग की सूचना जीआरपी ने किया इनकार
दानापुर डीडीयू रेलखंड पर डुमरांव एवं बरूना रेलवे स्टेशनों के बीच कुशलपुर हॉल्ट के समीप बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब 12336 डाउन लोकमान्य तिलक–भागलपुर एक्सप्रेस में शराब तस्करों और मद्य निषेध टीम के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। चलती ट्रेन में अचानक हुई फायरिंग से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए दहशत का माहौल कायम हो गया।

केटी न्यूज / बक्सर
दानापुर डीडीयू रेलखंड पर डुमरांव एवं बरूना रेलवे स्टेशनों के बीच कुशलपुर हॉल्ट के समीप बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब 12336 डाउन लोकमान्य तिलक–भागलपुर एक्सप्रेस में शराब तस्करों और मद्य निषेध टीम के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। चलती ट्रेन में अचानक हुई फायरिंग से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए दहशत का माहौल कायम हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के इंजन के ठीक पीछे स्थित दूसरे सामान्य कोच में चार शराब तस्कर अवैध शराब की खेप के साथ सवार थे।

इसकी गुप्त सूचना मिलने पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बोगी को चारों ओर से घेरने की कोशिश की। खुद को घिरता देख तस्करों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। ट्रेन रुकते ही वे बोगी से कूदकर भागने लगे।इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज से पूरा कोच दहल उठा। यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सीटों के नीचे और कोनों में छिपते नजर आए। हालांकि, फायरिंग किस पक्ष से हुई तस्करों की ओर से या फिर आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस, रेल पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है ताकि फरार तस्करों को पकड़ा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गोलीबारी की जानकारी पर जीआरपी सर्किल इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने इनकार किया है।

