स्कूल जा रहे शिक्षकों से भरा ऑटो फोरलेन पर पलटा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से आठ घायल

जिले के चुरामनपुर फोरलेन पर सोमवार सुबह स्कूल ड्यूटी पर जा रहे शिक्षकों से भरा एक रिजर्व ऑटो तेज रफ्तार कार की टक्कर से पलट गया। हादसे में करीब आठ शिक्षक-शिक्षिकाएं घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्कूल जा रहे शिक्षकों से भरा ऑटो फोरलेन पर पलटा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से आठ घायल

__ चुरामनपुर के समीप हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल शिक्षकों का सदर अस्पताल में इलाज जारी; सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

केटी न्यूज/बक्सर

जिले के चुरामनपुर फोरलेन पर सोमवार सुबह स्कूल ड्यूटी पर जा रहे शिक्षकों से भरा एक रिजर्व ऑटो तेज रफ्तार कार की टक्कर से पलट गया। हादसे में करीब आठ शिक्षक-शिक्षिकाएं घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद कुछ देर तक फोरलेन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।जानकारी के अनुसार बक्सर से रिजर्व ऑटो सिमरी प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में पदस्थापित शिक्षक-शिक्षिकाओं को लेकर जा रहा था। इसी दौरान चुरामनपुर स्थित नए पेट्रोल पंप के समीप पीछे से तेज गति में आ रही काले रंग की कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और उसमें सवार सभी शिक्षक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार, ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पलटे ऑटो में फंसे शिक्षकों को बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता दी तथा अन्य वाहन चालकों के सहयोग से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया।घायलों में अर्पणा कुमारी, सोनम कुमारी, सीमा कुमारी, अंशिका तथा मध्य विद्यालय खैरापट्टी के शिक्षक हरेंद्र राम समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि सभी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।घटना में घायल शिक्षक हरेंद्र राम ने बताया कि वे प्रतिदिन की तरह रिजर्व ऑटो से विद्यालय जा रहे थे। चुरामनपुर के समीप पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार कार ने ऑटो में टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया और सभी यात्री घायल हो गए।

हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय, नियमित निगरानी और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।खबर लिखे जाने तक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। वहीं घटना के बाद घायल शिक्षकों के परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।