सड़क हादसे में बसपा नेता घायल, पूर्व जिप सदस्य ने पहुंचाया अस्पताल
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम आईटीआई फील्ड के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार बसपा नेता लालजी राम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल को सड़क पर तड़पता देख वहां से गुजर रहे पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज यादव ने तत्काल अपनी गाड़ी रोकी और उन्हें सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया।

__ तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, बसपा नेता घायल
पूर्व जिला परिषद सदस्य ने दिखाई तत्परता, अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया; हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार
केटी न्यूज/चौसा।
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम आईटीआई फील्ड के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार बसपा नेता लालजी राम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल को सड़क पर तड़पता देख वहां से गुजर रहे पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज यादव ने तत्काल अपनी गाड़ी रोकी और उन्हें सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायल को उपचार मिल सका।जानकारी के अनुसार, चौसा प्रखंड के रामपुर गांव निवासी 52 वर्षीय लालजी राम सोमवार को बक्सर से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान आईटीआई फील्ड के पास पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े और उनके हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश भी की, लेकिन वह वाहन लेकर भागने में सफल रहा। घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस से ट्रैक्टर की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।बताया जाता है कि लालजी राम बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव हैं। सदर अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. श्याम रजक ने बताया कि घायल खतरे से बाहर हैं। उनके हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट और खरोंच आई है।

