छेरा नदी में डूबे युवक की मौत पर पहुंचे विधायक, ने जताई संवेदना
प्रखंड क्षेत्र के डिहरा पुल से विगत दिनों नहाने के उद्देश्य से छेरा नदी में छलांग लगाने के दौरान केसठ गांव निवासी राज कुमार साह के पुत्र अयोध्या कुमार उर्फ कल्लू (उम्र 20 वर्ष) की डूबने से हुई मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है। घटना के बाद से केसठ एवं आसपास के गांवों में मातम का माहौल व्याप्त है।

केटी न्यूज/केसठ

जानकारी के अनुसार अयोध्या कुमार अपने साथियों के साथ नहाने के लिए नदी गया था, जहां नहाने के दौरान तेज धार में बह जाने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। शव बरामद होने के बाद गांव में गमगीन माहौल देखा गया। परिजन बार-बार बेहोश हो जा रहे थे और पूरे गांव में सिर्फ सन्नाटा पसरा हुआ था।
इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलने पर रविवार को डुमरांव के विधायक डॉ. अजीत कुशवाहा ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अयोध्या की असमय मृत्यु क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने प्रशासन से भी आग्रह किया कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नदी किनारे सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं।साथ ही कहा कि यह समय परिवार के साथ खड़े रहने का है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।