कोरानसराय में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो घायल

केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना क्षेत्र के मुख्य चौक पर मंगलवार की दोपहर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में डुमरांव अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बक्सर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान मठिला गांव निवासी 66 वर्षीय रविंद्र मिश्रा और 20 वर्षीय प्रकाश मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं और किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर कोरानसराय आ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही बाइक मुख्य चौक के पास पहुंची, नावानगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद सड़क पर थोड़ी देर के लिए जाम जैसी स्थिति भी देखी। लोगों ने हादसे को लेकर आक्रोश व्यक्त किया और प्रशासन से इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की। कोरानसराय थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।