श्रमिक परिवारों तक पहुंचा विभाग, पात्रता जांच के बाद ही मिलेगा शताब्दी मृत्यु योजना का लाभ

श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से डुमरांव प्रखंड में श्रम विभाग ने शताब्दी मृत्यु योजना के सत्यापन अभियान को तेज कर दिया है। योजना के दूसरे चरण के तहत श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सौम्या सिन्हा ने बुधवार को विभिन्न लाभुकों के घर पहुंचकर पात्रता और दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया।

श्रमिक परिवारों तक पहुंचा विभाग, पात्रता जांच के बाद ही मिलेगा शताब्दी मृत्यु योजना का लाभ

केटी न्यूज/डुमरांव

श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से डुमरांव प्रखंड में श्रम विभाग ने शताब्दी मृत्यु योजना के सत्यापन अभियान को तेज कर दिया है। योजना के दूसरे चरण के तहत श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सौम्या सिन्हा ने बुधवार को विभिन्न लाभुकों के घर पहुंचकर पात्रता और दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन किया।जांच के दौरान अधिकारी ने नोनिया डेरा निवासी दिवंगत श्रमिक सुरेंद्र राम की पत्नी सोनी देवी तथा पुराना थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-23 निवासी दिवंगत रामजी की पत्नी चिंतामुनि से मुलाकात कर योजना से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की। लाभुकों से बातचीत के साथ उपलब्ध अभिलेखों का मिलान किया गया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि योजना का लाभ वास्तविक और पात्र श्रमिक परिवारों को ही मिले।

श्रम विभाग के अनुसार शताब्दी मृत्यु योजना के दूसरे चरण में प्रत्येक आवेदन का भौतिक सत्यापन अनिवार्य है। इसी प्रक्रिया के तहत आवेदकों की पात्रता की जांच की जाती है। विभागीय जांच के दौरान एक अन्य मामले में आवेदक निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा, जिसके कारण उसे योजना के लिए अयोग्य पाया गया।श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सौम्या सिन्हा ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक डुमरांव प्रखंड के 16 श्रमिक परिवारों को शताब्दी मृत्यु योजना का लाभ दिया जा चुका है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 62 लाभुकों को इस योजना से जोड़ा गया था। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र श्रमिक परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाना है।श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने कहा कि यदि किसी पंजीकृत श्रमिक की मृत्यु हो जाती है तो उसके परिजन सोमवार और शुक्रवार को डुमरांव प्रखंड कार्यालय स्थित श्रम प्रवर्तन कक्ष (कमरा संख्या-33) में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद विभागीय जांच पूरी कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।