मध्यस्थता से सुलझाएं विवाद, अदालतों का बोझ घटाने पर जोर

लंबे समय से अदालतों में लंबित मामलों के त्वरित और आपसी सहमति से समाधान को लेकर बक्सर न्याय मंडल में बुधवार को विशेष कार्यशाला सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान’ के तहत हुआ।

मध्यस्थता से सुलझाएं विवाद, अदालतों का बोझ घटाने पर जोर

__ राष्ट्रीय अभियान के तहत बक्सर न्याय मंडल में कार्यशाला, 13 तरह के मामलों के नि:शुल्क और सौहार्दपूर्ण समाधान की पहल

केटी न्यूज/बक्सर।

लंबे समय से अदालतों में लंबित मामलों के त्वरित और आपसी सहमति से समाधान को लेकर बक्सर न्याय मंडल में बुधवार को विशेष कार्यशाला सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम ‘राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान’ के तहत हुआ। यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, मध्यस्थता और सुलह परियोजना समिति तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है।कार्यशाला में न्यायिक अधिकारियों के बीच मध्यस्थता की उपयोगिता और प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। इस दौरान बताया गया कि आपसी बातचीत और सहमति के जरिए विवादों का समाधान होने से पक्षकारों का समय और धन बचता है। साथ ही न्यायालयों पर मुकदमों का बढ़ता बोझ भी कम किया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को संदेश दिया गया कि विवाद को लंबा खींचने के बजाय मध्यस्थता के जरिए शांतिपूर्ण समाधान का रास्ता अपनाएं।

अभियान के तहत 13 श्रेणियों के विवादों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इनमें वैवाहिक, दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, वाणिज्यिक, सेवा, समझौता योग्य आपराधिक, ऋण वसूली, विभाजन, बेदखली, भूमि अधिग्रहण, उपभोक्ता वाद तथा अन्य उपयुक्त सिविल मामले शामिल हैं।प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बक्सर काजल झाम्ब तथा सचिव नेहा दयाल ने जिलेवासियों और पक्षकारों से अपील की कि वे पुराने लंबित अथवा नए विवादों के समाधान के लिए एडीआर भवन, बक्सर स्थित मध्यस्थता केंद्र से संपर्क करें। यहां बिना अतिरिक्त खर्च के गोपनीय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में विवादों के समाधान की सुविधा उपलब्ध है। अधिकारियों ने कहा कि मध्यस्थता न्याय पाने का सरल, त्वरित और प्रभावी माध्यम है।