अमृत भारत योजना की राह देख रहा डुमरांव स्टेशन, यात्रियों को नहीं मिल रही राहत
दानापुर-बक्सर रेलखंड का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन डुमरांव इन दिनों यात्री सुविधाओं की कमी को लेकर चर्चा में है। प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले इस स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज की अपर्याप्त व्यवस्था और शेड के अभाव से यात्रियों को भीषण गर्मी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

केटी न्यूज/डुमरांव
दानापुर-बक्सर रेलखंड का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन डुमरांव इन दिनों यात्री सुविधाओं की कमी को लेकर चर्चा में है। प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले इस स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज की अपर्याप्त व्यवस्था और शेड के अभाव से यात्रियों को भीषण गर्मी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप के दौरान प्लेटफॉर्म बदलने के लिए ओवरब्रिज का उपयोग करने वाले यात्रियों को खुले आसमान के नीचे गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।डुमरांव स्टेशन क्षेत्रीय स्तर पर एक प्रमुख रेलवे केंद्र माना जाता है। यहां से दियारा क्षेत्र, आसपास के ग्रामीण इलाकों तथा रोहतास सीमा के बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत देश के विभिन्न शहरों के लिए यात्रा करते हैं।

बावजूद इसके स्टेशन पर कई बुनियादी सुविधाएं यात्रियों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही हैं।यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर मौजूद फुट ओवरब्रिज वर्षों पुराना है और वर्तमान यात्री भार के मुकाबले काफी संकीर्ण साबित हो रहा है। ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान के समय ओवरब्रिज पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। कई बार लोगों को एक-दूसरे के गुजरने का इंतजार करना पड़ता है। भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी होती है।विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं, छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवार और दिव्यांग यात्रियों के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। गर्मी के दिनों में शेड नहीं होने के कारण यात्री सीधे धूप के संपर्क में आते हैं।

जबकि बारिश के मौसम में भी यही ओवरब्रिज असुविधा का कारण बनता है। यात्रियों ने स्टेशन पर शौचालय, पेयजल और सुरक्षित आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।रेलवे सूत्रों के अनुसार डुमरांव स्टेशन को विकसित करने की दिशा में अमृत भारत योजना के तहत कार्य प्रस्तावित है। स्टेशन प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण की योजना बनाई गई है। साथ ही वर्तमान सुविधाओं में सुधार के लिए संबंधित उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। यात्रियों को उम्मीद है कि प्रस्तावित योजनाओं के धरातल पर उतरने से स्टेशन की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सके।

