ऐतिहासिक धरोहरों की बदलेगी सूरत, डीएम ने कसा शिकंजा
जिले के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। पर्यटन विकास को लेकर तैयार विस्तृत कार्ययोजना के तहत जिलाधिकारी साहिला ने शुक्रवार को चौसा का लड़ाई मैदान, बक्सर का लड़ाई मैदान और रामरेखा घाट का निरीक्षण किया।

__ चौसा-बक्सर के लड़ाई मैदान से रामरेखा घाट तक पहुंचीं डीएम साहिला, सफाई, रोशनी, सुरक्षा, साइनेज और पहुंच पथ दुरुस्त करने के निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर।
जिले के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। पर्यटन विकास को लेकर तैयार विस्तृत कार्ययोजना के तहत जिलाधिकारी साहिला ने शुक्रवार को चौसा का लड़ाई मैदान, बक्सर का लड़ाई मैदान और रामरेखा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, साइनेज और पहुंच पथ को दुरुस्त करने के साथ ऐतिहासिक अवशेषों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कनीय अभियंता, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रतिनिधि, संबंधित बीडीओ तथा नगर निकायों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

__ चौसा के लड़ाई मैदान में सुविधाओं पर जोर
चौसा लड़ाई मैदान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पार्क की नियमित साफ-सफाई, जन सुविधाओं और समुचित रख-रखाव को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। नगर पंचायत चौसा के कार्यपालक पदाधिकारी को स्थल पर आवश्यक साइनेज लगाने तथा बक्सर-चौसा मुख्य मार्ग से लड़ाई मैदान तक पहुंचने वाले पथ की मरम्मति कराने को कहा गया।डीएम ने परिसर में प्राप्त पुरातात्विक अवशेषों को सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर रखने का भी निर्देश दिया। इसके लिए नोडल पदाधिकारी सह जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को तत्काल स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों के संरक्षण के साथ उनकी साफ-सफाई और पर्यटकों के लिए सुविधाओं पर भी गंभीरता से काम किया जाए।

__ बक्सर लड़ाई मैदान में रोशनी-सुरक्षा की होगी व्यवस्था
बक्सर लड़ाई मैदान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थल की मौजूदा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई के साथ प्रकाश, सुरक्षा और साइनेज व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया। परिसर में मौजूद शिलालेखों को सुरक्षित रखने के लिए भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।नगर परिषद बक्सर के स्वच्छता पदाधिकारी को तत्काल सफाई कराकर स्थल के बेहतर रख-रखाव का निर्देश दिया गया। इसके अलावा ऐतिहासिक स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग की मरम्मति संबंधित विभाग से कराने, मार्ग की नियमित सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और जरूरी साइनेज लगाने को कहा गया।

रामरेखा घाट पर
__ एक्सपीरियंस सेंटर की प्रगति परखी
रामरेखा घाट के समीप निर्माणाधीन एक्सपीरियंस सेंटर का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यकारी एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यस्थल पर श्रमिकों के लिए स्वच्छ पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।रामरेखा घाट और एक्सपीरियंस सेंटर तक पहुंचने वाले मार्ग की स्वच्छता को लेकर भी नगर परिषद को नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया गया। डीएम के निरीक्षण से साफ है कि प्रशासन अब जिले की ऐतिहासिक धरोहरों को केवल संरक्षित करने के बजाय उन्हें बेहतर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कदम बढ़ा रहा है।

