आधार सेंटर में ठगी के आरोप में दो के खिलाफ एफआईआर

डुमरांव प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आधार सेंटर पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने और लोगों से ठगी करने के मामले में देर शाम पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई डुमरांव की बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शिनी के बयान पर की गई।

आधार सेंटर में ठगी के आरोप में दो के खिलाफ एफआईआर

__ बीडीओ के बयान पर कार्रवाई, मुकेश के पास से 2050 और अभय से 2970 रुपये बरामद; पूछताछ में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आधार सेंटर पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने और लोगों से ठगी करने के मामले में देर शाम पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई डुमरांव की बीडीओ मोनालिसा प्रियदर्शिनी के बयान पर की गई। प्राथमिकी में नवानगर निवासी मुकेश कुमार तथा ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के पोखरहा गांव निवासी अभय कुमार को आरोपित किया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।बताया जाता है कि गुरुवार को एसडीओ राजीव कुमार और एसडीपीओ समीर कुमार की संयुक्त टीम ने प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आधार सेंटर पर अचानक छापेमारी की थी।

इस दौरान आधार संबंधी कार्यों में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतों की जांच की गई। छापेमारी के दौरान सेंटर के कंप्यूटर और अन्य उपकरणों को जब्त करने के साथ वहां मौजूद कर्मियों से पूछताछ की गई थी।पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मुकेश कुमार के पास से 2050 रुपये तथा अभय कुमार के पास से 2970 रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों के पास से मिली राशि को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। वहीं, प्रशासनिक जांच के दौरान आधार सेंटर से जुड़े रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद नकदी में अंतर सामने आने की बात कही गई थी।

बीडीओ के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में दोनों पर आधार सेंटर पर आने वाले लोगों से ठगी करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कितने लोगों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली गई और इस गतिविधि में अन्य लोगों की भी संलिप्तता थी या नहीं। डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने एफआईआर दर्ज किए जाने और नकदी बरामदगी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।इधर, प्रशासन ने प्रखंड कार्यालय में आधार सेवा जल्द बहाल करने की तैयारी शुरू कर दी है। नई एजेंसी के माध्यम से सेवा शुरू कराने के लिए जिला स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।