उसरा मोड़ पर जनरल स्टोर में चोरी, 60 हजार की संपत्ति ले उड़े चोर
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के उसरा मोड़ स्थित एक जनरल स्टोर में बीते देर रात को अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। जानकारी के अनुसार उसरा मोड़ निवासी महावीर शर्मा की जनरल स्टोर दुकान को चोरों ने निशाना बनाया।


केटी न्यूज/नावानगर।
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के उसरा मोड़ स्थित एक जनरल स्टोर में बीते देर रात को अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। जानकारी के अनुसार उसरा मोड़ निवासी महावीर शर्मा की जनरल स्टोर दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने पहले दुकान के मुख्य गेट पर लगी लोहे की कुंडी काटी, फिर ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखे नगद समेत कई कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार महावीर शर्मा ने बताया कि दुकान से करीब पांच हजार रुपये नगद, एक फ्रिज, होम थिएटर, बड़ी एवं छोटी सैकड़ों कोल्ड ड्रिंक की बोतलें, अंडा से भरा कार्टून समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया है।

उनके अनुसार चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये है। शुक्रवार की सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। इधर, मामले को लेकर सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि दुकानदार द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा चोरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

