छह दिन बाद भी नहीं मिला शिक्षक की चोरी हुई बाइक का सुराग

डुमरांव के स्टेशन रोड स्थित राज प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर से दिनदहाड़े चोरी हुई संस्कृत शिक्षक उमेश ओझा की बाइक मामले में छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद अब तक न तो चोर की पहचान हो सकी है और न ही चोरी गई बाइक का कोई सुराग मिल पाया है।

छह दिन बाद भी नहीं मिला शिक्षक की चोरी हुई बाइक का सुराग

--सीसीटीवी फुटेज में पैदल बाइक ले जाता दिखा चोर, पुलिस अब तक नहीं कर सकी है चोर की पहचान

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव के स्टेशन रोड स्थित राज प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर से दिनदहाड़े चोरी हुई संस्कृत शिक्षक उमेश ओझा की बाइक मामले में छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद अब तक न तो चोर की पहचान हो सकी है और न ही चोरी गई बाइक का कोई सुराग मिल पाया है। इससे शिक्षकों और स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।बताया जाता है कि सिमरी थाना क्षेत्र के बड़का सिंहनपुरा गांव निवासी संस्कृत शिक्षक उमेश ओझा की स्प्लेंडर प्लस बाइक विद्यालय परिसर से चोरी हो गई थी।

घटना उस समय हुई थी जब वे स्कूल में शिक्षण कार्य में व्यस्त थे और उनकी बाइक कॉमन रूम के सामने खड़ी थी।अब इस मामले में विद्यालय परिसर का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में स्पष्ट दिखाई पड़ रहा है कि एक युवक स्कूल परिसर में प्रवेश करता है और शिक्षक की बाइक को पैदल ही लेकर बाहर निकल जाता है। आगे के फुटेज में वह सुमित्रा कॉलेज की ओर जाने वाले रास्ते पर बाइक ले जाते हुए नजर आ रहा है। हालांकि, मुख्य गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब रहने के कारण चोर किस दिशा में आगे बढ़ा, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका।

सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस विद्यालय में हर समय शिक्षकों की मौजूदगी रहती है, गेट पर संतरी की ड्यूटी होती है और परिसर चारदीवारी व सीसीटीवी कैमरों से लैस है, वहां इतनी आसानी से बाइक चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि डुमरांव में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं से चोरों का मनोबल बढ़ा हुआ है। वहीं, पीड़ित शिक्षक और विद्यालय कर्मियों ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने तथा चोर की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।