मिर्गी का दौरा पड़ा और बेकाबू हुआ ट्रैक्टर, रिहायशी मकान में घुसा; टला बड़ा हादसा
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब ईंट लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक रिहायशी मकान में जा घुसा। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर चौक की है, जहां कुछ क्षण के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


केटी न्यूज/चौसा
चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब ईंट लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक रिहायशी मकान में जा घुसा। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर चौक की है, जहां कुछ क्षण के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर के बाहर कोई मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृतपुरा गांव से ईंट लेकर एक ट्रैक्टर नरबतपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन दुर्गा मंदिर चौक के समीप पहुंचा, चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया।

दौरे के कारण चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार वाहन सीधे सड़क किनारे बने मकान के चैनल गेट को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे का गेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा भी टूट गया।हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को ट्रैक्टर से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। चालक को मामूली चोटें आई हैं। लोगों का कहना था कि दुर्गा मंदिर चौक हमेशा व्यस्त रहने वाला इलाका है, जहां दिनभर राहगीरों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है।

ऐसे में यदि घटना कुछ देर पहले या बाद में होती, तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे।घटना के बाद कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि भारी वाहनों की नियमित जांच और चालकों की स्वास्थ्य स्थिति पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को मौके से हटाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।

