चार साल बाद हटेगा इंतजार का पर्दा
डुमरांव अनुमंडल कार्यालय परिसर में स्थापित स्वर्गीय महाराज कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का आज आखिरकार अनावरण होने जा रहा है। वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह दिन खास माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर दौरे के दौरान वर्चुअल माध्यम से प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे।


--आज वर्चुअल कार्यक्रम में होगा महाराज कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का अनावरण, विधायक की पहल लाई रंग
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव अनुमंडल कार्यालय परिसर में स्थापित स्वर्गीय महाराज कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का आज आखिरकार अनावरण होने जा रहा है। वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह दिन खास माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बक्सर दौरे के दौरान वर्चुअल माध्यम से प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।इस प्रतिमा के अनावरण को लेकर लंबे समय से मांग उठ रही थी। डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए विधानसभा से लेकर मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचाया। उन्होंने सवाल किया था कि जब प्रतिमा निर्माण और स्थापना का कार्य वर्षों पहले पूरा हो चुका है तो उसका अनावरण अब तक क्यों नहीं हुआ।

विधायक के इस हस्तक्षेप के बाद सरकार और संबंधित विभाग हरकत में आए और अंततः प्रतिमा अनावरण का रास्ता साफ हुआ।जानकारी के अनुसार तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर अनुमंडल कार्यालय परिसर में महाराज कमल बहादुर सिंह की साढ़े सात फीट ऊंची धातु की प्रतिमा स्थापित की गई थी। भवन निर्माण विभाग की देखरेख में लगभग 19.29 लाख रुपये की लागत से चबूतरा, फूलों का घेरा और प्रतिमा का निर्माण कार्य चार वर्ष पहले ही पूरा कर लिया गया था। इसके बावजूद प्रतिमा प्लास्टिक से ढकी रही और उद्घाटन नहीं हो सका। अब उद्घाटन की घोषणा के बाद लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।विधानसभा में उठाए गए प्रश्न के बाद विधानसभा सचिवालय ने नियम-104 (7) के तहत संबंधित विभागों से जवाब भी तलब किया था।

विधायक राहुल कुमार सिंह की सक्रियता के बाद इस पूरे मामले ने गति पकड़ी। डुमरांव महाराज के पौत्र एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी युवराज शिवांग विजय सिंह ने भी इसे परिवार ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के सम्मान से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने कहा कि महाराज कमल बहादुर सिंह ने समाज और शिक्षा के क्षेत्र में जो योगदान दिया, उसे भुलाया नहीं जा सकता।महाराज कमल बहादुर सिंह का नाम शाहाबाद क्षेत्र के प्रतिष्ठित जननेताओं में लिया जाता है। उन्होंने स्वतंत्र भारत के पहले आम चुनाव 1952 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज कर संसद पहुंचने का गौरव हासिल किया था। 1957 में भी उन्होंने जीत हासिल की थी। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी याद किया जाता है।

उनके द्वारा दान की गई जमीन पर कई विद्यालय, कॉलेज और अस्पताल संचालित हो रहे हैं।इधर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर प्रतिमा अनावरण की मांग रखने पहुंचे विधायक राहुल कुमार सिंह की सादगी भी चर्चा में रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाओ अभियान से प्रेरित होकर पटना की यात्रा ट्रेन से की। वे मगध एक्सप्रेस से गए और लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से वापस लौटे। डुमरांव पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। विधायक ने कहा कि यह केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं बल्कि क्षेत्र के गौरव और इतिहास का सम्मान है।

