गर्मी में इलाज को लेकर विवाद, ग्रामीण चिकित्सक पर फायरिंग की कोशिश से दहशत

मुरार थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव में शुक्रवार को एक निजी क्लिनिक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इलाज को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने ग्रामीण चिकित्सक पर फायरिंग करने की कोशिश कर दी। हालांकि पिस्तौल से गोली मिसफायर हो जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया और चिकित्सक सुरक्षित बच गए।

गर्मी में इलाज को लेकर विवाद, ग्रामीण चिकित्सक पर फायरिंग की कोशिश से दहशत

केटी न्यूज/डुमरांव

मुरार थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव में शुक्रवार को एक निजी क्लिनिक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इलाज को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने ग्रामीण चिकित्सक पर फायरिंग करने की कोशिश कर दी। हालांकि पिस्तौल से गोली मिसफायर हो जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया और चिकित्सक सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार बेलहरी गांव निवासी मो. अशरफ उर्फ तेजू अंसारी पिछले कई वर्षों से बीरपुर गांव में किराये के मकान में क्लिनिक चलाकर आसपास के ग्रामीणों का प्राथमिक उपचार करते हैं।

शुक्रवार की सुबह भीषण गर्मी के बीच वे मरीजों का इलाज कर रहे थे। इसी दौरान गांव का एक युवक क्लिनिक पहुंचा और अपने परिजन की तबीयत खराब होने की बात कहकर चिकित्सक से घर चलने का आग्रह करने लगा।बताया जा रहा है कि चिकित्सक ने व्यस्तता के कारण कुछ देर बाद आने की बात कही। इसी बात को लेकर युवक नाराज हो गया और कहासुनी के बीच उसने पिस्तौल निकाल ली। युवक ने फायरिंग का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद चिकित्सक और युवक के बीच हाथापाई भी हुई। इस दौरान पिस्तौल का मैगजीन क्लिनिक में ही गिर पड़ा, जबकि आरोपित मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्लिनिक से जिंदा कारतूस सहित मैगजीन बरामद कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। चिकित्सक के आवेदन के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।