__ चेरो-खरवार शासकों की ऐतिहासिक विरासत पर साइबेरियन पक्षियों का बसेरा, स्वच्छ जल और मंदिरों का मनोरम संगम बना आकर्षण का केंद्र; पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी
पीके बादल/केसठ।
प्रकृति की गोद में बसा केसठ प्रखंड का ऐतिहासिक डिहरा पोखरा इन दिनों विदेशी मेहमानों की चहचहाहट से गुलजार है। सात समंदर पार से लंबी दूरी तय कर पहुंचे साइबेरियन पक्षियों ने एक बार फिर 52 बीघा में फैले इस विशाल ऐतिहासिक जलाशय को अपना अस्थायी आशियाना बना लिया है। पोखरे के स्वच्छ जल में अठखेलियां करते प्रवासी पक्षियों का मनमोहक दृश्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वहीं, जलाशय के किनारे स्थित प्राचीन शिव मंदिर, सूर्य मंदिर और छठ घाट इसकी प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। विदेशी पक्षियों और धार्मिक आस्था के इस अनूठे संगम को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंच रहे हैं।

__ चेरो-खरवार शासकों की ऐतिहासिक धरोहर है पोखरा
डिहरा पोखरा का इतिहास भी इसकी खूबसूरती की तरह आकर्षक है। प्रखंड प्रमुख मुन्ना सिंह के अनुसार, 52 बीघा में विस्तृत इस विशाल जलाशय का निर्माण चेरो-खरवार वंश के शासकों ने कराया था। प्राचीन शिव मंदिर, सूर्य मंदिर और छठ घाट के कारण यह क्षेत्र लंबे समय से धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ग्रामीणों की जागरूकता और धार्मिक मान्यताओं के चलते पोखरे में गंदगी नहीं फेंकी जाती। यही वजह है कि इसका पानी अपेक्षाकृत स्वच्छ बना हुआ है। स्वच्छ वातावरण और अनुकूल जलवायु के कारण प्रवासी पक्षी हर साल यहां पहुंचते हैं। इस तरह ग्रामीणों की सामूहिक जागरूकता ने ऐतिहासिक जलाशय को प्राकृतिक धरोहर के रूप में संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

__ गिरते भूजल स्तर ने बढ़ाई चिंता, संरक्षण की जरूरत
प्रकृति के लगातार हो रहे दोहन पर चिंता जताते हुए प्रखंड प्रमुख मुन्ना सिंह ने जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि प्रकृति ने मनुष्य को अनमोल संसाधन दिए हैं, जिनका संरक्षण करना सभी का नैतिक दायित्व है। प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का परिणाम आज जल संकट, बाढ़ और सुखाड़ के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि पहले क्षेत्र में महज 25 फीट की गहराई पर भूजल उपलब्ध हो जाता था, लेकिन अब पानी का स्तर करीब 150 फीट नीचे चला गया है। यह स्थिति आने वाले समय के लिए गंभीर चेतावनी है। उन्होंने लोगों से जलस्रोतों को बचाने, पौधरोपण करने और प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की।

__ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी, सरकार से बड़ी पहल की उम्मीद
डिहरा पोखरा को भव्य ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। प्रखंड प्रमुख ने बताया कि उनका प्रयास है कि केसठ, नावानगर, डुमरांव समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को यहां प्राकृतिक वातावरण में घूमने, योग-साधना और अन्य सामाजिक एवं मांगलिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि पूर्व में तत्कालीन सांसद अश्विनी कुमार चौबे और भाजपा अध्यक्ष मनोज सिंह की पहल पर यहां एक छठ घाट का निर्माण कराया गया था। इसके बाद उनके कार्यकाल में दो और छठ घाट बनाए गए। साथ ही पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

आगे की योजनाओं में पोखरे के चारों ओर टहलने के लिए पाथवे, योग एवं साधना के लिए अलग स्थान, गर्मी और बरसात से बचाव के लिए शेड तथा बेहतर बैठने की व्यवस्था शामिल है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि 52 बीघा में फैले इतने बड़े जलाशय के समग्र विकास के लिए पंचायती राज व्यवस्था के सीमित संसाधन पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए राज्य सरकार की विशेष पहल और पर्याप्त आर्थिक सहयोग जरूरी है। ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था और जैव विविधता की अनमोल पहचान बना डिहरा पोखरा यदि योजनाबद्ध तरीके से विकसित होता है तो यह न केवल स्थानीय पर्यटन को नई पहचान दे सकता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की भी एक मिसाल बन सकता है।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।