बक्सर में थाना से 200 मीटर दूर गैस कटर से एटीएम काट लाखों रुपए उड़ाकर फरार हुए बदमाश
मुफस्सिल थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाकर अपराधियों ने रविवार की अहले सुबह लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के ठीक सामने हुई इस घटना ने न सिर्फ पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था की पोल खोल दी है, बल्कि अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को भी उजागर कर दिया है।


__ चौसा सीएचसी के सामने दुस्साहसिक वारदात, अलार्म बजने के बाद हरकत में आई पुलिस; सात माह में दूसरी बार एटीएम पर धावा
केटी न्यूज/बक्सर
मुफस्सिल थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को निशाना बनाकर अपराधियों ने रविवार की अहले सुबह लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के ठीक सामने हुई इस घटना ने न सिर्फ पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था की पोल खोल दी है, बल्कि अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को भी उजागर कर दिया है। थाना के इतने करीब और मुख्य सड़क पर स्थित एटीएम को काटकर नकदी उड़ा ले जाना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।जानकारी के अनुसार रविवार की रात करीब दो बजे अपराधियों का एक गिरोह एटीएम केंद्र पर पहुंचा। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने पूरी तैयारी कर रखी थी। सबसे पहले उन्होंने एटीएम केंद्र के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।

इसके बाद गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटा गया और उसके अंदर रखे कैश बॉक्स तक पहुंचकर लाखों रुपये की नकदी निकाल ली गई।बताया जाता है कि वारदात के दौरान बैंक की सुरक्षा प्रणाली ने रात करीब 2:20 बजे अलार्म जनरेट किया, जिसकी सूचना पुलिस तक पहुंची। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने तक अपराधी अपना काम पूरा कर फरार हो चुके थे। इससे यह सवाल उठने लगा है कि अलार्म बजने और पुलिस के पहुंचने के बीच आखिर ऐसा कौन सा समय अंतराल रहा, जिसमें अपराधी इत्मीनान से एटीएम काटकर नकदी लेकर निकल गए।घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम केंद्र को सील कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक संदिग्ध चादर बरामद हुई है, जिसे पुलिस अहम सुराग मान रही है। इसके अलावा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।बैंक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एटीएम में चोरी के समय कितनी राशि मौजूद थी, इसका आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गई रकम लाखों रुपये में हो सकती है।गौरतलब है कि चौसा क्षेत्र में सात माह के भीतर एटीएम चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 नवंबर को अखौरीपुर गोला स्थित एसबीआई एटीएम को भी गैस कटर से काटकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी की गई थी। उस मामले में अब तक पुलिस को कोई बड़ी सफलता नहीं मिली है। ऐसे में एक बार फिर उसी शैली में हुई वारदात ने अपराधियों के संगठित नेटवर्क और पुलिस की रोकथाम व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन अपराधी पहले ही फरार हो चुके थे। उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं पर गहन छानबीन जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा, लेकिन लगातार हो रही एटीएम चोरी की घटनाओं ने आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

