डीडीसी के निरीक्षण में खुली पीएचसी की खामियां, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को लगाई फटकार

उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने शनिवार को डुमरांव प्रखंड कार्यालय, मनरेगा कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा पंचायत क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी।

डीडीसी के निरीक्षण में खुली पीएचसी की खामियां, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को लगाई फटकार

__ सर्जिकल कचरे के निस्तारण में लापरवाही पर नाराजगी, कार्य संस्कृति में सुधार का दिया सख्त निर्देश

केटी न्यूज/डुमरांव

उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने शनिवार को डुमरांव प्रखंड कार्यालय, मनरेगा कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा पंचायत क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार पांडे भी मौजूद रहे।प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने आदेश पंजी, अनुक्रमणी पंजी, जन शिकायत पंजी समेत विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने वित्तीय प्रबंधन से संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा रोकड़ बही के नियमित संधारण और अद्यतन रखने का निर्देश दिया।पंचायत समिति की विभिन्न योजनाओं के अभिलेखों की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि विभागीय नियमावली के अनुरूप योजनाओं का संचालन हो तथा प्राप्त राशि का समय पर सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के क्रम में कार्यालय में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। स्वच्छ बिहार अभियान और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से संबंधित प्रतिवेदनों एवं अभिलेखों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। साथ ही आम जनता की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर दिया।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त का रुख काफी सख्त दिखा। उन्होंने बाह्य रोगी पंजी, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण में सर्जिकल कचरे के समुचित निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आर.बी. प्रसाद को कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में कई खामियों की ओर भी उनका ध्यान आकृष्ट कराया। डीडीसी ने स्पष्ट शब्दों में अस्पताल की कार्य संस्कृति में सुधार लाने, स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जवाबदेह बनाने तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।क्षेत्र भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त ने ग्राम पंचायत मुंगाव स्थित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई और कचरा प्रसंस्करण इकाई का भी निरीक्षण किया। वहां कचरे के पृथक्करण एवं जैविक खाद निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता से जुड़े सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए आम लोगों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ने तथा पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने पर बल दिया।