फोरलेन पर मौत का जाल: गलत दिशा में दौड़ते ट्रक ने छीन ली चालक की जिंदगी
आरा–बक्सर फोरलेन पर रॉन्ग साइड से वाहनों के संचालन का खामियाजा एक और परिवार को भुगतना पड़ा। शनिवार की अहले सुबह पुरवा गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक मिनी ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
आरा–बक्सर फोरलेन पर रॉन्ग साइड से वाहनों के संचालन का खामियाजा एक और परिवार को भुगतना पड़ा। शनिवार की अहले सुबह पुरवा गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक मिनी ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।जानकारी के अनुसार मिनी ट्रक (बीआर 51 जीए 1795) बक्सर से पटना की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुरवा गांव के पास सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रक (यूपी 60 एटी 2072) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर ब्रह्मपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान सिवान जिले के मदारपुर गांव निवासी संतोष यादव (पिता- बीरेंद्र यादव) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद रॉन्ग साइड में ट्रक चला रहा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।इस हादसे ने एक बार फिर फोरलेन पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

