सात भाइयों का आशियाना राख, अब पॉलिथीन शीट के सहारे गुजर-बसर

रविवार को आग ने सात भाइयों के सिर से छत छीन ली। झोपड़ीनुमा घर के साथ अनाज, कपड़े, गहने और घरेलू सामान जलकर राख हो गए। मथुरा डेरा में अग्निकांड की इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में मंगलवार को अंचल प्रशासन की ओर से परिवार को पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराई गई, ताकि खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी से कुछ राहत मिल सके।

सात भाइयों का आशियाना राख, अब पॉलिथीन शीट के सहारे गुजर-बसर

__ अग्निकांड के बाद बेघर परिवार को अंचल प्रशासन ने पहुंचाई राहत, मुआवजे के लिए आवेदन का इंतजार

केटी न्यूज/चक्की।

रविवार को आग ने सात भाइयों के सिर से छत छीन ली। झोपड़ीनुमा घर के साथ अनाज, कपड़े, गहने और घरेलू सामान जलकर राख हो गए। मथुरा डेरा में अग्निकांड की इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में मंगलवार को अंचल प्रशासन की ओर से परिवार को पॉलिथीन शीट उपलब्ध कराई गई, ताकि खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी से कुछ राहत मिल सके। हालांकि, परिवार को हुए व्यापक नुकसान के बीच यह मदद फिलहाल तात्कालिक राहत तक ही सीमित है।अंचलाधिकारी संगीता कुमारी ने पीड़ित परिवार को पॉलिथीन शीट सौंपी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पहले से ही झोपड़ीनुमा घर में किसी तरह जीवनयापन कर रहा था। आग लगने के बाद उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। हादसे में एक भैंस की मौत हो गई, जबकि एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई। घर में रखी जीवनभर की जमा-पूंजी और जरूरत के सामान के नष्ट होने से परिवार को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

__ राहत मिली, लेकिन मुआवजे की प्रक्रिया बाकी

अग्निकांड के बाद परिवार को हुए नुकसान की भरपाई और दोबारा रहने की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती है। फिलहाल प्रशासन की ओर से पॉलिथीन शीट देकर तत्काल राहत देने की पहल की गई है। लेकिन क्षति की तुलना में परिवार को अभी और सहायता की जरूरत है।सीओ संगीता कुमारी ने बताया कि अग्निकांड से संबंधित मुआवजे के लिए पीड़ित परिवार की ओर से अब तक आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।अब पीड़ित परिवार की उम्मीद मुआवजे और अतिरिक्त सरकारी सहायता पर टिकी है, ताकि राख में तब्दील हो चुके आशियाने की जगह फिर से रहने का ठिकाना बनाया जा सके।