एक वोट से जीते सुशील, ब्रह्मपुर नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति गठित

नगर पंचायत ब्रह्मपुर में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई। तीन सदस्यीय समिति के लिए हुए चुनाव में दो सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जबकि एक पद पर हुए कांटे के मुकाबले में वार्ड संख्या 11 के पार्षद सुशील कुमार सिंह ने एक मत से जीत दर्ज की।

एक वोट से जीते सुशील, ब्रह्मपुर नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति गठित

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

नगर पंचायत ब्रह्मपुर में सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गई। तीन सदस्यीय समिति के लिए हुए चुनाव में दो सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जबकि एक पद पर हुए कांटे के मुकाबले में वार्ड संख्या 11 के पार्षद सुशील कुमार सिंह ने एक मत से जीत दर्ज की।नगर पंचायत कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रथम सदस्य पद के लिए वार्ड संख्या 13 के पार्षद राहुल कुमार अकेला ने नामांकन दाखिल किया था। उनके विरुद्ध किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में नहीं उतरने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

इसी प्रकार तृतीय सदस्य पद पर वार्ड संख्या 08 की पार्षद शांति देवी भी निर्विरोध चुनी गईं।सबसे दिलचस्प मुकाबला द्वितीय सदस्य पद के लिए देखने को मिला। इस पद पर वार्ड संख्या 11 के सुशील कुमार सिंह और वार्ड संख्या 05 की चिंता देवी आमने-सामने थीं। मतदान में कुल 13 मतदाताओं ने हिस्सा लिया। मतगणना में सुशील कुमार सिंह को छह मत प्राप्त हुए, जबकि चिंता देवी को पांच मत मिले। दो मत अमान्य घोषित किए गए। इस तरह सुशील कुमार सिंह ने एक मत के अंतर से जीत हासिल कर समिति में अपनी जगह सुनिश्चित की।निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई थी। निर्वाचन पदाधिकारी भूमि सुधार उप समाहर्ता डुमरांव टेस्ट लाल सिंह की देखरेख में पूरी प्रक्रिया पूरी कराई गई।

सहायक निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में बीडीओ सोनू कुमार एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अभय कुमार मौजूद रहे। वहीं, अपर समाहर्ता सह लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने प्रेक्षक के रूप में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की।परिणाम घोषित होने के बाद नगर पंचायत परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। नगर पंचायत अध्यक्ष सुमन देवी, प्रतिनिधि राकेश महतो तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने विजयी सदस्यों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। समर्थकों ने अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया।