महागठबंधन प्रत्याशी डॉ. अजीत सिंह ने किया जनसंपर्क, बोले मेरी जीत सुनिश्चित

केटी न्यूज/डुमरांव।
विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन डुमरांव में मंगलवार को महागठबंधन प्रत्याशी सह वर्तमान विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने सोवा सहित कई पंचायतों में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। गांव-गांव घूमकर उन्होंने मतदाताओं से संवाद किया और अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता के बीच रखा।

डॉ. सिंह ने कहा कि जनता से मिलकर यह स्पष्ट हो गया है कि लोग विकास और ईमानदार राजनीति के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि हमने डुमरांव को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य किया है। जनता ने हमारे काम को देखा और सराहा है। इस बार भी वे विकास और विश्वास पर वोट देंगे।

विधायक ने अपने संबोधन में बताया कि उन्होंने पिछले पांच वर्षों में जनता की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाया और हर वर्ग के हित में आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गांव-गांव तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना और युवाओं को रोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

जनसंपर्क के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने महागठबंधन के समर्थन में नारे लगाए और डॉ. सिंह के पक्ष में माहौल बनाया। लोगों ने कहा कि विधायक ने हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ निभाया है। डॉ. सिंह ने विश्वास जताया कि इस बार भी जनता उनके काम और सादगीपूर्ण छवि पर भरोसा जताते हुए उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी।

उन्होंने कहा कि डुमरांव में महागठबंधन की लहर है, जनता परिवर्तन नहीं, निरंतर विकास चाहती है। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाकर बिहार में विकास की नई इबादत लिखी जाएगी।

