भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उपचुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट
बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र संख्या-06 भोजपुर-सह-बक्सर उप निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई।

__ 12 मई को होगा मतदान, 2303 मतदाता करेंगे अधिमानता क्रम से मताधिकार का प्रयोग
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र संख्या-06 भोजपुर-सह-बक्सर उप निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, उप निर्वाचन पदाधिकारी बक्सर समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विधान परिषद उपचुनाव के लिए 12 मई को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनाव को लेकर जिले के सभी 11 प्रखंडों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 2303 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1083 पुरुष एवं 1220 महिला मतदाता शामिल हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि इस चुनाव में मतदाता अधिमानता क्रम के आधार पर मतदान करेंगे। बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदान केंद्रों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराई गई तथा उनसे आग्रह किया गया कि वे अपने स्तर से मतदाताओं को मतदान केंद्र एवं मतदान प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि अधिक से अधिक संख्या में वैध मतदान सुनिश्चित हो सके।

निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान प्रक्रिया की बारीकियों की जानकारी देते हुए कहा कि मतदाता मतदान के दौरान फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र अथवा निर्वाचक से संबंधित किसी भी वैध फोटोयुक्त दस्तावेज के आधार पर मतदान कर सकेंगे। इस संबंध में उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सवालों का भी विस्तार से जवाब दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।बैठक के दौरान प्रशासन ने राजनीतिक दलों से निर्वाचन आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराने की भी अपील की। अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर निगरानी रखी जा रही है।

साथ ही मतदान के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान संपन्न होने के बाद 14 मई को मतगणना का कार्य आरा स्थित राजकीय कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में कराया जाएगा। मतगणना प्रक्रिया को भी पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराया जाएगा।उपचुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने अब गति पकड़ ली है। राजनीतिक हलकों में भी चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रशासन की कोशिश है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।