60 वर्षीय वृद्ध समेत तीन पर घर में घुस दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, एक पकड़ाया

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाए जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में पीड़िता की मां के आवेदन पर महिला थाना पुलिस ने एक नामजद वृद्ध समेत दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

60 वर्षीय वृद्ध समेत तीन पर घर में घुस दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, एक पकड़ाया

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाए जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में पीड़िता की मां के आवेदन पर महिला थाना पुलिस ने एक नामजद वृद्ध समेत दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।बताया जाता है कि घटना बुधवार की दोपहर करीब एक बजे की है। पीड़िता की मां के अनुसार गांव का ही एक 60 वर्षीय व्यक्ति दो अन्य युवकों के साथ मुंह ढंककर उनके घर पहुंचा। आरोप है कि तीनों करीब नौ फीट ऊंची दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के जुटने की आशंका से तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना देर रात पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।इधर, गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। स्थानीय लोगों के बीच पुराने विवाद और आपसी रंजिश को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है और बिना साक्ष्य किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाएगा।महिला थानाध्यक्ष प्रतिभा कुमारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्रारंभिक कार्रवाई की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले तथ्यों तथा दोनों पक्षों की जानकारी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।