ट्रक चालक से हथियार के बल पर 20 हजार की लूट, तीन गिरफ्तार

नावानगर-सिकरौल मार्ग पर धवछुआ गांव के मोड़ के समीप शनिवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने एक ट्रक चालक से 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने चालक के साथ मारपीट भी की, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।

ट्रक चालक से हथियार के बल पर 20 हजार की लूट, तीन गिरफ्तार

__ महज 12 घंटे के अंदर पुलिस ने किया लूटकांड का उद्भेदन, चालक का मोबाइल बरामद

केटी न्यूज/नावानगर। 

नावानगर-सिकरौल मार्ग पर धवछुआ गांव के मोड़ के समीप शनिवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने एक ट्रक चालक से 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने चालक के साथ मारपीट भी की, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। इधर, नावानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर लूटकांड का उद्भेदन कर दिया। मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटे गए चालक का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।जानकारी के अनुसार, घटना के बाद डुमरांव सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात में ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी।

इस दौरान तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर एक आरोपित की निशानदेही पर ट्रक चालक का मोबाइल बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धवछुआ गांव निवासी मुकेश कुमार, अतिमी डेरा निवासी कृष्णा यादव और कुंजनारा निवासी रविरंजन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कैमूर जिले के पोलुहां गांव निवासी ट्रक चालक रविरंजन सिंह सिकरौल लख स्थित भगवान बाबा मंदिर के समीप गिट्टी गिराकर वापस लौट रहा था। गिट्टी तेतरहर गांव निवासी कृष्णा दूबे द्वारा मंगाई गई थी।

इसके एवज में चालक को 20 हजार रुपये नकद तथा 20 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किया गया था। अपराधियों ने इसी नकद राशि को हथियार के बल पर लूट लिया। घटना के बाद पीड़ित चालक ने नावानगर थाना पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर लूट में प्रयुक्त हथियार तथा अन्य सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।