धान की फसल देखने निकले 68 वर्षीय बुजुर्ग की डूबने से मौत, दोपहर में बरामद हुआ शव; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
धान की फसल और खेतों का हाल देखने घर से निकले एक बुजुर्ग की रविवार को भागड़ में डूबने से मौत हो गई। खेत देखने की उनकी आखिरी यात्रा इतनी दर्दनाक होगी, इसका अंदाजा परिवार को भी नहीं था। चक्की थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा गांव निवासी 68 वर्षीय रामप्रवेश यादव सुबह मोटरसाइकिल से निकले थे, लेकिन फिर वापस घर नहीं लौट सके।

केटी न्यूज/चक्की।
धान की फसल और खेतों का हाल देखने घर से निकले एक बुजुर्ग की रविवार को भागड़ में डूबने से मौत हो गई। खेत देखने की उनकी आखिरी यात्रा इतनी दर्दनाक होगी, इसका अंदाजा परिवार को भी नहीं था। चक्की थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा गांव निवासी 68 वर्षीय रामप्रवेश यादव सुबह मोटरसाइकिल से निकले थे, लेकिन फिर वापस घर नहीं लौट सके। दोपहर करीब दो बजे उनका शव महर्षि श्यामसुंदर दास की मठिया के पास स्थित भागड़ से बरामद किया गया।परिजनों के अनुसार रामप्रवेश यादव रविवार सुबह करीब सात बजे मोटरसाइकिल से धान के खेतों का जायजा लेने निकले थे। दोपहर 12 बजे तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर गांव के लोगों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई।

इसी दौरान पता चला कि वह मोटरसाइकिल लेकर खेत की ओर गए थे और भागड़ के आसपास भी उनकी खोजबीन की गई।तलाश के दौरान भागड़ में उनके डूबने की जानकारी मिली। इसके बाद सुमंत यादव, छोटक दास उर्फ साधु जी, पालखिड़ा गोड़, विनोद यादव और मोटक यादव समेत अन्य ग्रामीण पानी में उतरकर उनकी तलाश में जुट गए। कई प्रयासों के बाद करीब दो बजे रामप्रवेश यादव का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिवार में कोहराम मच गया।रामप्रवेश यादव के परिवार में एक पुत्र राजू यादव और चार पुत्रियां हैं। तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्री की शादी अभी बाकी थी। पिता की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कराने के साथ सीओ से बातचीत कर भागड़ में नाव उपलब्ध कराने की मांग की।चक्की थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया गया है। अंचलाधिकारी संगीता कुमारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व आवश्यक दस्तावेजों के साथ अंचल कार्यालय में आवेदन देने के बाद जांच कर नियमानुसार राहत राशि पीड़ित परिवार के बैंक खाते में भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि महर्षि श्यामसुंदर दास की मठिया के पास स्थित भागड़ में जल्द नाव उपलब्ध कराई जाएगी।

