ट्रांसफार्मर का स्वीच काटने से भड़का विवाद, ईंट-पत्थर और फायरिंग से दहला नया भोजपुर

नया भोजपुर में बिजली आपूर्ति से जुड़ा मामूली विवाद शनिवार की देर शाम अचानक हिंसक रूप ले लिया। वार्ड छह के दर्जी मोहल्ले और वार्ड सात की अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों के बीच शुरू हुए विवाद में जमकर ईंट-पत्थर चले और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। पथराव में मो. जहीर दर्जी (50) गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

ट्रांसफार्मर का स्वीच काटने से भड़का विवाद, ईंट-पत्थर और फायरिंग से दहला नया भोजपुर

__ एक अधेड़ जख्मी, 10 नामजद; मौके से खोखा व कारतूस बरामद, रात में पुलिस की दबिश—सुबह एसडीएम ने संभाला मोर्चा

केटी न्यूज/डुमरांव।

नया भोजपुर में बिजली आपूर्ति से जुड़ा मामूली विवाद शनिवार की देर शाम अचानक हिंसक रूप ले लिया। वार्ड छह के दर्जी मोहल्ले और वार्ड सात की अनुसूचित जाति बस्ती के लोगों के बीच शुरू हुए विवाद में जमकर ईंट-पत्थर चले और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग किए जाने का भी आरोप है। पथराव में मो. जहीर दर्जी (50) गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनके सिर में ईंट लगने से माथा फट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए।घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार सदल-बल करीब 10 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गए और स्थिति को नियंत्रित किया। रात में ही प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

__ 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी

जख्मी मो. जहीर के बयान पर नया भोजपुर थाना में 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपितों में सूर्या कुमार पासवान, जगनारायण पासवान, विशाल पासवान, रौशन पासवान, देवा पासवान, करण पासवान, मंकी पांडेय, विवेक पांडेय, विनोद पासवान और मनोज पासवान शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

__ एक ट्रांसफार्मर पर दो मोहल्लों की निर्भरता बनी विवाद की जड़

ग्रामीणों के अनुसार वार्ड सात की अनुसूचित जाति बस्ती और वार्ड छह के दर्जी मोहल्ले में एक ही ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति होती है। ओवरलोड के कारण यहां अक्सर लोकल फॉल्ट और बिजली बाधित होने की समस्या बनी रहती है। ट्रांसफार्मर के पास लगे स्वीच को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी बताई जा रही है।शनिवार की रात करीब आठ बजे बिजली गुल होने के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। आरोप है कि कुछ देर बाद दर्जनों युवक दर्जी मोहल्ले की ओर पहुंचे और ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसी दौरान दरवाजे पर बैठे जहीर के सिर में ईंट लग गई। फायरिंग की सूचना से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।

__ शराब तस्करी ने बढ़ाई इलाके की तल्खी

ग्रामीणों ने विवाद के पीछे शराब तस्करी को भी एक अहम कारण बताया। जहीर ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि इलाके में शराब तस्करी करने वाले लोग जानबूझकर ट्रांसफार्मर का स्वीच बंद कर देते हैं, ताकि अंधेरे में तस्करी की गतिविधियां संचालित की जा सकें। रविवार को प्रशासन के समक्ष ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया कि लंबे समय से शराब के अवैध कारोबार के कारण इलाके में महिलाओं और बच्चियों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

__ एसडीएम ने संभाला मोर्चा, बिजली समस्या दूर करने का निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम शाहिला के निर्देश पर रविवार को डुमरांव एसडीएम राजीव कुमार नया भोजपुर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं।ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के ओवरलोड, सुनसान स्थान और शराब तस्करी की समस्या उठाई। एसडीएम ने मौके पर बिजली विभाग के सहायक अभियंता अर्जुन कुमार वर्मा और जेई जितेन्द्र कुमार को ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ाने अथवा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया।

एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने नया भोजपुर थानाध्यक्ष को शराब तस्करों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।बैठक में दोनों पक्षों के प्रबुद्धजनों ने घटना पर खेद जताया और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देने का भरोसा प्रशासन को दिया। बैठक में सीओ ब्रजेश कुमार द्विवेदी, थानाध्यक्ष चंदन कुमार, बिजली विभाग के अधिकारी, वार्ड पार्षद व प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा दोनों समुदायों के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रशासन की सक्रियता से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।