शराब तस्करों की बेलगाम रफ्तार बनी जानलेवा, पीछा कर रही टीम के बीच निर्दोष बाइक सवार को रौंदा

चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर गुरुवार की देर दोपहर शराब तस्करों की बेकाबू रफ्तार एक निर्दोष राहगीर पर भारी पड़ गई। उत्पाद विभाग की टीम से बचने के लिए भाग रही एक डिजायर कार ने चौसा-बारा मोड़ के समीप बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।

शराब तस्करों की बेलगाम रफ्तार बनी जानलेवा, पीछा कर रही टीम के बीच निर्दोष बाइक सवार को रौंदा

__ उत्पाद विभाग से बचने के लिए भाग रही कार ने मारी टक्कर, भारी मात्रा में शराब बरामद; तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

केटी न्यूज/चौसा

चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग पर गुरुवार की देर दोपहर शराब तस्करों की बेकाबू रफ्तार एक निर्दोष राहगीर पर भारी पड़ गई। उत्पाद विभाग की टीम से बचने के लिए भाग रही एक डिजायर कार ने चौसा-बारा मोड़ के समीप बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नरबतपुर गांव निवासी 55 वर्षीय अशोक साह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर किया गया।जानकारी के अनुसार चौसा मध्य निषेध चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही दो संदिग्ध कारों को जांच के लिए रुकने का संकेत दिया गया।

एक कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर उत्पाद विभाग की टीम उसके पीछे लग गई।करीब दो किलोमीटर तक चले पीछा के दौरान तस्करों की डिजायर कार अनियंत्रित हो गई और चौसा-बारा मोड़ के पास सड़क किनारे जा रहे बाइक सवार अशोक साह को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद कार का एक पहिया क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वाहन आगे नहीं बढ़ सका।कार रुकते ही उसमें सवार तस्कर मौके का फायदा उठाकर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।

कुछ ही देर बाद उत्पाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।उत्पाद विभाग की एसआई प्रियंका कुमारी ने बताया कि जांच के दौरान संदिग्ध कार का पीछा किया जा रहा था। इसी क्रम में बारा मोड़ के पास दुर्घटना हो गई। कार से शराब बरामद की गई है, जबकि फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।