छत पर सोया परिवार, खाली हो गया घर: डुमरांव में लाखों की चोरी से दहशत

भीषण गर्मी के बीच रात में छत पर सोना डुमरांव के एक परिवार को भारी पड़ गया। नगर क्षेत्र स्थित अनजान ब्रह्म बाबा के पीछे एक मकान में चोरों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देकर नकदी व जेवरात समेत लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

छत पर सोया परिवार, खाली हो गया घर: डुमरांव में लाखों की चोरी से दहशत

केटी न्यूज/डुमरांव

भीषण गर्मी के बीच रात में छत पर सोना डुमरांव के एक परिवार को भारी पड़ गया। नगर क्षेत्र स्थित अनजान ब्रह्म बाबा के पीछे एक मकान में चोरों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देकर नकदी व जेवरात समेत लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार मकान मालिक मनोज कुमार ठाकुर का परिवार गर्मी के कारण रात में घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान चोर घर में प्रवेश कर गए और कमरों में रखी अलमारी तथा बक्सों को खंगाल डाला। सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्से खुले हुए थे तथा कीमती सामान गायब था।

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद के अलावा लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान में सोने का तीन ताला हार, मंगलसूत्र, कंगन, चांदी की पायल समेत कई कीमती गहने शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।घटना को लेकर मनोज कुमार ठाकुर के पुत्र अमित कुमार ठाकुर ने स्थानीय थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।