ज्वेलर्स दुकान में चोरी की कोशिश से भड़का आक्रोश, व्यवसायियों ने सड़क जाम कर जताया विरोध
स्थानीय बाजार में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने काशी ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी का प्रयास किया। चोर लोहे का दरवाजा और ताला तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश करने की कोशिश में थे, लेकिन अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।

केटी न्यूज। नावानगर
स्थानीय बाजार में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने काशी ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी का प्रयास किया। चोर लोहे का दरवाजा और ताला तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश करने की कोशिश में थे, लेकिन अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। गुरुवार की सुबह चोरी के प्रयास की खबर बाजार में फैलते ही व्यवसायियों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों का कहना था कि बाजार में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद रात में पुलिस की गश्ती व्यवस्था प्रभावी नहीं दिख रही है। इससे व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

चोरी के प्रयास से नाराज व्यवसायियों और ग्रामीणों ने गुरुवार को डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य पथ को बाजार के बीचोंबीच जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आवागमन बाधित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क जाम कर रहे व्यवसायी पुलिस की रात्रि गश्ती बढ़ाने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने बक्सर एसपी को मौके पर बुलाने की मांग भी रखी और अपनी मांग पूरी होने तक जाम हटाने से इनकार कर दिया।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यवसायियों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। थानाध्यक्ष के काफी समझाने-बुझाने के करीब एक घंटे बाद व्यवसायियों और ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद मुख्य पथ पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच करते हुए चोरों की पहचान में जुटी है।

