होली से पहले तस्करों पर पुलिस का वार: अंधेरे में छोड़ी पिकअप, 406 लीटर शराब जब्त
होली पर्व से पहले अवैध शराब के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए तिलक राय के हाता थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविवार की मध्य रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर केशोपुर हनुमान घाट के समीप की गई छापेमारी में एक पिकअप वाहन से 406 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, लेकिन उनकी बड़ी खेप पुलिस के हाथ लग गई।
केटी न्यूज/सिमरी
होली पर्व से पहले अवैध शराब के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए तिलक राय के हाता थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रविवार की मध्य रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर केशोपुर हनुमान घाट के समीप की गई छापेमारी में एक पिकअप वाहन से 406 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, लेकिन उनकी बड़ी खेप पुलिस के हाथ लग गई।पुलिस सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश से पिकअप वाहन के जरिए भारी मात्रा में शराब लाए जाने की सूचना थानाध्यक्ष को मिली थी।

सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से चिन्हित स्थल पर देर रात घेराबंदी की। कुछ ही देर में एक संदिग्ध पिकअप वहां पहुंची। जैसे ही पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, उसमें सवार धंधेबाज वाहन छोड़कर अंधेरे में भाग निकले।पुलिस ने मौके से पिकअप को जब्त कर तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में शराब लदी मिली। माप के बाद जब्त शराब की कुल मात्रा 406 लीटर पाई गई। इसके बाद पिकअप वाहन सहित शराब को थाना लाकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।पुलिस सूत्र बताते हैं कि होली पर्व को देखते हुए शराब तस्कर बड़े पैमाने पर भंडारण और आपूर्ति की तैयारी में थे।

इसी कड़ी में दो दिन पूर्व सिमरी पुलिस ने काजीपुर और बलिहार से भी देसी शराब बरामद की थी। लगातार हो रही कार्रवाइयों से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि जब्त पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और तस्करों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।इस कार्रवाई से जहां शराब माफिया में खलबली है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की सख्ती और तत्परता की सराहना की है।

