उसरा गांव में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 13 लोगों पर जुर्माना और एफआईआर
बिजली विभाग ने सोनवर्षा थाना क्षेत्र के उसरा गांव में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा है। इस मामले में बिजली विभाग के जेई अवनीश कुमार ने सभी आरोपितों पर जुर्माना लगाते हुए सोनवर्षा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उसरा गांव में कई लोग बिजली का अवैध कनेक्शन लेकर चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे हैं।
केटी न्यूज। नावानगर
बिजली विभाग ने सोनवर्षा थाना क्षेत्र के उसरा गांव में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा है। इस मामले में बिजली विभाग के जेई अवनीश कुमार ने सभी आरोपितों पर जुर्माना लगाते हुए सोनवर्षा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उसरा गांव में कई लोग बिजली का अवैध कनेक्शन लेकर चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जेई अवनीश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर गांव में छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान कई घरों में सीधे तार जोड़कर बिजली जलाते हुए लोगों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान सलमा खातून, करीमन मियां, नईमुद्दीन अंसारी, बबन शर्मा, हीरालाल शर्मा, राजेंद्र शर्मा, बिरेन शर्मा, ददन शर्मा, सुनील पांडेय, सुनीता देवी, कमलेश पांडेय, हरेराम शर्मा तथा प्रताप शर्मा को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। विभाग ने सभी पर अलग-अलग राशि का आर्थिक दंड लगाया है। जेई अवनीश कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों पर 9 हजार से लेकर 42 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया गया है।

सबसे अधिक 42,426 रुपये का जुर्माना सुनील पांडेय पर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इधर, बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

