बारात के नाच में बवाल, दो गुटों की भिड़ंत में पांच घायल
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के एक गांव में बारात के दौरान नाचने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें पांच युवक घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


केटी न्यूज/नावानगर
सोनवर्षा थाना क्षेत्र के एक गांव में बारात के दौरान नाचने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें पांच युवक घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार बारात दरवाजे पर पहुंची थी, जहां डीजे और नाच कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान नाचने को लेकर दो पक्षों के युवकों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में विशाल कुमार, भीम बिंद, किशुन बिंद, मीना देवी समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को इलाज के लिए नावानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए सोनवर्षा थाना में आवेदन दिया है। एक पक्ष के भीम बिंद ने छोटू बिंद, निरहू बिंद समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं दूसरे पक्ष के किशुन बिंद ने नकुल बिंद, भीम बिंद सहित पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

